मथुरा-बरेली हाईवे पर भीषण हादसा, रोडवेज बस और टैंकर की टक्कर, 15 से अधिक यात्री घायल, पांच की हालत गंभीर

मथुरा/उत्तर प्रदेश। मथुरा जिले के थाना राया क्षेत्र में बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। मथुरा–बरेली नेशनल हाईवे पर कोयल कट के पास माइलस्टोन 26 पर एक रोडवेज बस और टैंकर की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हाथरस डिपो की रोडवेज बस मथुरा से बरेली की ओर जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 50 से अधिक यात्री सवार थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार टैंकर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
इस दुर्घटना में रोडवेज बस के चालक और परिचालक सहित 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें से पांच यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना राया पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए हाथरस जिला अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।
घायलों में बस चालक देवेश कुमार और परिचालक नवीन उपाध्याय के अलावा 43 वर्षीय मीनाक्षी (पत्नी अनकपाल सिंह, निवासी देवपुरा, मैनपुरी), 52 वर्षीय मोहम्मद हसीन (पुत्र फजल अहमद, निवासी नई सारी, बदायूं) और उनका बेटा नदीम शामिल हैं। इसके अलावा 45 वर्षीय सोनवती (पत्नी सत्य प्रकाश, निवासी गोपी, थाना अकराबाद, जिला अलीगढ़) और परिचालक नवीन (निवासी सिरिया नगरिया, थाना राया, जिला मथुरा) को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे में कुछ यात्री मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मौके से ही घर भेज दिया गया। वहीं पांच गंभीर घायलों को एंबुलेंस की मदद से तुरंत हाथरस जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और टैंकर चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button