गुरुग्राम नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़कों और फुटपाथ से हटाए गए अवैध कब्जे

गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम की स्ट्रीट वेंडिंग मैनेजमेंट टीम ने सोमवार को पालम विहार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। टीम ने मार्केट व मुख्य सड़कों के आसपास फैले अवैध कब्जों को हटाया और सार्वजनिक मार्गों को सुगम बनाने के लिए कई कदम उठाए।
कार्यवाही के दौरान टीम ने सड़क किनारे व फुटपाथ पर लगी रेहड़ियां, पटरी, खोखे, ढाबों तथा अन्य प्रकार के अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। कई दुकानदार और वेंडर्स द्वारा सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से फैलाए गए सामान को भी तुरंत हटाया गया। निगम टीम ने नियमों का उल्लंघन करते हुए लगाए गए तिरपाल, लकड़ी के ढांचे, स्टाल, रेहड़ी व अन्य सामग्री को जब्त कर लिया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पालम विहार क्षेत्र में अवैध कब्जों के कारण राहगीरों को परेशानी होती थी और यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
निगम के अनुसार इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि शहर में सुगम आवागमन और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। नगर निगम ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




