हाथरस में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस और टैंकर में भिड़ंत
3 लोगों की मौत और करीब 15 घायल

हाथरस/उत्तर प्रदेश। हाथरस सासनी कोतवाली क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि रोडवेज बस और दूध से भरे टैंकर की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। भयानक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है और करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे रोडवेज बस में सवार यात्रियों को काफी चोट आई है। वहीं ट्रक और बस दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरी तरफ मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली सासनी क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव रूहल 14 नंबर भट्टे के पास एक अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस और दूध से भरे टैंकर की आमने सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे रोडवेज बस में सवार 3 यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में करीब 15 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसे की जानकारी होने पर जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कर दिया है। हादसे की जानकारी होने पर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सभी अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने हादसे को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि बाइक को बचाने में रोडवेज बस और दूध से भरे टैंकर की आमने-सामने भी क्षण टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। करीब 12 लोग घायल हुए हैं। कुछ घायलों को इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।




