बुजुर्ग को लेडी टीचर ने दी लिफ्ट, स्कूटी पर बैठते ही वह उसके साथ करने लगा छेड़छाड़

बालोतरा/राजस्थान। बालोतरा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक स्कूल टीचर ने राह चलते एक बुजुर्ग व्यक्ति को लिफ्ट देना महंगा पड़ गया। आरोप है कि जिस बुजुर्ग को लिफ्ट दी गई, उसी ने शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ कर दी। इस मामले को लेकर शिक्षिका ने विरोध किया। फिर क्या था। रास्ते में चल रहे कुछ वाहन चालक रुके। इस पर महिला शिक्षिका लोगों से कहती है कि उसने मदद करने के लिए इस बुजुर्ग व्यक्ति को लिफ्ट दी। अपनी स्कूटी पर बैठाया था लेकिन उसी ने उसके साथ अश्लील हरकत कर दी। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसके बाद पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
करीब 2 मिनट 19 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में शिक्षिका कहती सुनाई दे रही है कि इस बुजुर्ग व्यक्ति के बेटे को वह स्कूल में पढा चुकी है। पैदल चलते हुए जब उसने लिफ्ट मांगी तो मदद के नाते उसे लिफ्ट दे दी गई। स्कूटी पर बैठने के बाद कुछ ही मीटर दूर चले। तभी बुजुर्ग ने उसे छूना शुरू कर दिया। शिक्षिका का कहना है कि पहले तो उसने नजरअंदाज कर दिया लेकिन जब उसने निजी अंगों पर हाथ लगाया तो उसने स्कूटी रोकी और बुजुर्ग को फटकारा।
जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने उस बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम पेमाराम मेघवाल है। उसकी उम्र करीब 60 से 65 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। महिला शिक्षिका ने कहा कि जब कोई किसी की मदद करता है तो उसे ऐसा फल मिलता है, यह उसने कभी सोचा ही नहीं। पुलिस ने आरोपी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।




