उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा में चाकू मारकर 28 वर्षीय युवक की हत्या, आरोपी फरार
![]()
राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अभिषेक शर्मा उर्फ टीपू (28) के रूप में हुई, जो यमुना विहार का निवासी था। पुलिस के अनुसार, यह वारदात सुबह करीब 11:09 बजे सुभाष विहार में हुई, जहां अभिषेक को उसके एक परिचित ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस को सूचना मिलते ही भजनपुरा थाना की टीम मौके पर पहुंची। घायल अभिषेक को तुरंत जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर सबूत एकत्र किए।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अभिषेक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। हालांकि, हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं और जांच तेजी से जारी है।




