दिल्ली में साइबर शिकायत खत्म करने के लिए माँगे 1.85 लाख!, विजिलेंस ने महिला एसआई के खिलाफ दर्ज किया केस

एक कॉन्स्टेबल ने शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा

नई दिल्ली। वेस्ट दिल्ली की साइबर थाने में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर (एसआई) पर शिकायत खत्म करने के नाम पर पीड़ित से 1.85 लाख रुपये लेने का सनसनीखेज आरोप लगा है। दिल्ली पुलिस की विजिलेंस यूनिट ने सबूतों के आधार पर एसआई के खिलाफ करप्शन एक्ट के तहत केस भी दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की छानबीन जारी है।
26 वर्षीय पीड़ित कोमल (बदला हुआ नाम) ने सान्ध्य संवाददाता को बताया, 1 नवंबर 2023 को मेरे पास वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के साइबर पुलिस स्टेशन से कॉल आई थी। कॉलर महिला SI विजेता गौतम थीं, जिन्होंने बताया कि मेरे होने वाले पति के खिलाफ फेक इंस्टाग्राम अकाउंट बनाने की शिकायत मिली है। वो शिकायत होने वाले पति की पूर्व पत्नी ने की थी। हालांकि उसका कोई ठोस सबूत नहीं था।
इसके बावजूद मुझे साइबर थाने बुलाकर प्रताड़ित किया गया। मेरी आय के बारे में पूछताछ की गई और शिकायत खारिज करने के लिए 2.5 लाख रुपये की मांग की। कुछ दिनों बाद उन्होंने मुझे रात में फिर से बुलाया। एक कॉन्स्टेबल ने ‘समझौता’ (शारीरिक संबंध बनाने) करने के लिए कहा। उसने दावा किया कि अगर मैं राजी हो गई तो शिकायत बंद कर देगा। मैंने उसकी बात नहीं मानी। बाद में आरोपियों ने मुझसे 1.85 लाख रुपये में डील तय कर ली। मैंने उन्हें कैश में रकम दे दी। ये सब 23 दिसंबर 2023 तक चला था।
कोमल का आरोप है कि आरोपियों ने रिश्वत की रकम लेने के बाद आश्वासन दिया था कि वह मामले को बंद कर देंगे, मगर कुछ महीनों बाद आरोपियों ने पीड़ित के घर नोटिस भेज दिए, जिसमें गिरफ्तारी की चेतावनी तक दी गई थी। कोमल को फिर थाने बुलाया गया। कॉन्स्टेबल उन्हें अकेले कमरे में ले जाता था। उन पर दबाव बनाता था कि वो मंगेतर से शादी ना करे और उसके खिलाफ शिकायत दे दें। इसके बाद वो उसके होने वाले पति से और रुपये वसूलेंगे और उसमें से एक हिस्सा कोमल को भी देंगे। कोमल ने उनकी बात नहीं मानी और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दे दी। कोमल ने विजिलेंस को दी शिकायत के साथ ही SI की कॉल रिकॉर्डिंग व विडियो भी दिए, जिसमें वो रिश्वत की मांग कर रही थी। इसी आधार पर केस दर्ज हुआ है। हालांकि विजिलेंस ने अपनी एफआईआर में कॉन्स्टेबल को आरोपी नहीं बनाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button