फतेहपुर में बिजलीकर्मी बनकर बदमाशों ने वायुसैनिक के घर में की लूट

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। बिजली कर्मी बनकर घर में घुसे बदमाशों ने मंगलवार दोपहर वायुसैनिक के परिवार को बंधक बनाकर लाखों के जेवर लूट लिए। घर की बुजुर्ग महिला ने बदमाशों की ओर फायर किए जाने की बात कही है, जबकि पुलिस इसे संदिग्ध मान रही है। महिला के एक पैर में छर्रे लगने का निशान भी है। घटनास्थल पर एएसपी व सीओ सिटी भी पहुंचे।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अमरजई मोहल्ला निवासी आशा सिंह का बड़ा बेटा आंजनेय सिंह दिल्ली में वायुसैनिक है। वह पत्नी-बच्चों के साथ वहीं रहता है। छोटा बेटा अन्वित शिक्षक है। वह पत्नी श्वेता के साथ आशा सिंह के साथ रहता है। आशा सिंह ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब एक बजे वह बाहर के कमरे में पड़ोसी की बेटी महिमा (13) व आठ माह की पौत्री के साथ थीं। खागा मर्दनपुर निवासी रिश्ते में भतीजी रागिनी व बहू श्वेता घरेलू काम कर रही थीं।
इसी दौरान गेट खटखटाए जाने पर आशा सिंह दरवाजे पर पहुंचीं। आशा के मुताबिक, गेट के बाहर दो युवक थे, उन लोगों ने कहा कि बिजली बिल चेक करने आए हैं। गेट खोलते ही दोनों अंदर घुस आए और आशा व महिमा को बंधक बना लिया। शोर सुनकर रागिनी व बहू श्वेता पहुंची। आरोप है कि विरोध करने पर आशा सिंह के पैर में गोली मारी।
इसके बाद आठ माह की बच्ची को गोली मारने की धमकी देकर आशा, रागिनी व श्वेता के जेवर उतरवाकर भाग निकले। परिजन घायल आशा सिंह को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। दो महिलाओं के कान के टॉप्स, तीनों के गले की चेन, तीन अंगूठियां लूट ले जाने की बात बताई गई है। करीब जेवरों की कीमत छह से सात लाख आंकी जा रही है।
एएसपी महेंद्र पाल सिंह, सीओ सिटी गौरव शर्मा ने परिवार के सदस्यों के बयान लिए। एएसपी महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि लूटपाट तो हुई है पर गोली लगने की बात समझ से परे है। फिलहाल महिला की चोट का परीक्षण कराया जा रहा है। फायर किए जाने के साक्ष्य नहीं मिल रहे हैं। आशा सिंह की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button