पत्नी को 14 बार चाकू मारकर गया जेल, जमानत पर छूटा तो फिर हमला, दांत से काट ली नाक

कन्नौज/उत्तर प्रदेश। यूपी के कन्नौज में पत्नी के मायके से नहीं आने से आक्रोशित पति ने एक साल के अंदर दूसरी बार हमला बोला है। पहली बार पत्नी चाकू से 14 बार हमलाकर किया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जमानत पर छूटने के बाद उसने एक बार फिर पत्नी पर हमला किया है। इस बार पत्नी की नाक को दांतों से काटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया है। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद कानपुर रेफर किया गया है। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव कालीन पुरवा की है।
बताया जाता है कि गुड्डी देवी का विवाह करीब 14 वर्ष पहले शहर के मोहल्ला काजी टोला निवासी पप्पू दोहरे के साथ हुआ था। गुड्डी के दो बेटे और दो बेटियां हैं। पप्पू मजदूरी करता है, लेकिन सारा पैसा जुआ और शराब में उड़ा देता था। गुड्डी घरों में झाड़ू-पोछा करके बच्चों का पेट पाल रही थी। पैसों के लेकर ही दोनों में अक्सर विवाद होने लगा था। पप्पू ने नवंबर 2022 को उसे सरायमीरा में घेर लिया था और चाकू से कई वार किए थे। पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोप में पप्पू को जेल भेजा था।
हाईकोर्ट से जमानत के बाद वह घर आ गया था। इस पर पत्नी बच्चों को छोड़कर मायके चली गई थी। पप्पू सुलह-समझौता कर उसपर घर आने का दबाव बना रहा था। पत्नी के मुताबिक वह आदतों में सुधार लाने के बाद ही मुकदमे में समझौते और घर आने की बात कह रही थी। इसी से नाराज पप्पू ने सोमवार दोपहर को सरायमीरा में आकर उस पर हमला बोल दिया। अपने दांत से उसकी नाक काट ली और फरार हो गया। पीड़िता ने पति के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार शराब के लती पति ने पहले भी पत्नी को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में वह जेल गया था। करीब 10 माह पहले जमानत पर छूटा था। इसके बाद से मायके में रह रही पत्नी पर घर लौट आने का दबाव बना रहा था।




