दिल्ली में मुस्लिम संगठनों का वक्फ बचाओ सम्मेलन, ओवैसी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
Muslim organizations held Waqf Bachao convention in Delhi, Owaisi targeted PM Modi

नई दिल्ली। नए वक्फ कानून को लेकर रस्साकशी अब भी जारी है। इस कानून के खिलाफ आज मुस्लिम संगठनों ने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ‘वक्फ बचाओ सम्मेलन’ का आयोजन किया। इस आयोजन में एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी से लेकर इंडियन नेशनल लीग के मोहम्मद सुलेमान तक कई मुस्लिम नेताओं ने भाग लिया।सम्मेलन में ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सऊदी अरब यात्रा पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री को क्राउन प्रिंस से पूछना चाहिए कि क्या ‘मदीना’ वक्फ की जमीन पर बना है। उन्होंने आगे कहा कि पीएम सऊदी के दौरे पर हैं, वहां वे क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मिलेंगे और गर्मजोशी से ‘या-हबीबी, या-हबीबी’ जैसे अभिवादन का आदान-प्रदान करेंगे। वहीं, भारत लौटने पर वह लोगों से मुसलमानों को उनके कपड़ों से पहचानने का आग्रह करेंगे। वक्फ बचाओ सम्मेलन में ओवैसी ने यह भी दावा किया कि वक्फ सभी मुस्लिम देशों में मौजूद है।
इस आयोजन में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (एआईएमपीएलबी) के भी कई पदाधिकारी मौजूद रहे। मुस्लिम संगठनों से पहुंची अलग-अलग नेताओं ने इस दौरान अपनी ताकत दिखाई। स्टेडियम में जुटे लोगों को संबोधित करते हुए इंडियन मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के अध्यक्ष खालिद सैफुल्लाह रहमानी ने कहा कि देश को संविधान के हिसाब से चलाना चाहिए। किसी पार्टी के घोषणापत्र के हिसाब से देश नहीं चलेगा। इस रैली में हम यही संदेश देना चाहते हैं। इंडियन नेशनल लीग के मोहम्मद सुलेमान ने कहा कि जल्द ही एक ऐसी क्रांति आएगी, जो जुल्म करने वालों को बहाकर ले जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि यह जंग-ए-आजादी की एक और लड़ाई है।
बता दें कि यह पहला मौका नहीं है, जब देश में मुस्लिम संगठन वक्फ कानून के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस कानून के संसद से पास होने से पहले से ही देशभर में मुस्लिम संगठनों का विरोध प्रदर्शन जारी है। हाल ही में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने धरना-प्रदर्शन किया था। गौरतलब है कि पिछले दिनों लोकसभा और राज्यसभा में वक्फ बिल को पास करने के बाद राष्ट्रपति की मंजूरी मिल गई थी।




