अखिलेश यादव के सीएम योगी पर विवादित बयान से मचा बवाल

सपा प्रवक्ता समेत कई पर लखनऊ में मुकदमा दर्ज

लखनऊ/एजेंसी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी पर शुरू हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। कार्यक्रम में मौजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता विनीत शुक्ला की शिकायत पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज यादव के साथ अज्ञात नेताओं के खिलाफ विभूतिखंड थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि सपा नेताओं ने जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की कर शुक्ला को जान का खतरा उत्पन्न किया।इस घटना के बाद भाजपा नेता विनीत शुक्ला ने विभूतिखंड थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर सपा प्रवक्ता मनोज यादव और अन्य अज्ञात नेताओं के खिलाफ 131, 351 (3), 352 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दूसरी तरफ यह मामला राजनीतिक रंग भी लेता जा रहा है। सोशल मीडिया पर भाजपा इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बता रही है, वहीं सपा की ओर से भी तरह- तरह की प्रतिक्रियाएं दी जा रही है।
बता दें कि शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव अपने राजनीतिक विचार रख रहे थे। इसी दौरान उन्होंने भगवा रंग और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर एक टिप्पणी करते हुए कहा, भगवा गमछा डालने के बाद योगीजी अंडे जैसे दिखते हैं। इस बयान का भाजपा नेता विनीत शुक्ला ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे संत के लिए इस तरह की भाषा अनुचित है।
विनीत के मुताबिक, उनकी आपत्ति के बाद अखिलेश यादव ने मंच से नाराजगी जताई और कार्यकर्ताओं से उन्हें बाहर निकालने को कहा। इसी बीच सपा प्रवक्ता मनोज यादव समेत अन्य कार्यकर्ता उन पर टूट पड़े, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। विनीत शुक्ला का कहना है कि अगर पुलिस मौके पर न होती तो उन्हें गंभीर नुकसान पहुंच सकता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button