दिल्ली के सागरपुर थाने में सीबीआई की रेड, मचा हड़कंप, एसएचओ हुआ फरार
सीबीआई ने भ्रष्टाचार के आरोप में पकड़े सागरपुर थाने के दो पुलिसवाले, दिल्ली में तगड़ा एक्शन

नई दिल्ली। दिल्ली के एक थाने में 26 मार्च की रात सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) की रेड से हड़कंप मच गया। पुलिस सूत्र ने बताया कि सीबीआई ने सागरपुर थाने में दो लाख रुपये की रिश्वत लेते दो पुलिसवालों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। उनके साथ मौजूद तीसरा पुलिसकर्मी वहां से फरार हो गया।घटना के बाद से एसएचओ का कुछ अता-पता नहीं है। जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने थाने में रेड और दो पुलिसवालों की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी। साथ ही यह भी बताया कि एसएचओ के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार हुए पुलिसकर्मी थाने की क्रैक टीम (मामले सुलझाने के लिए बनाई गई विशेष टीम) के हैं। दरअसल, इलाके में नशीले पदार्थ बेचने वाले जोगा सांसी की बहन हाल ही में एनडीपीएस एक्ट के केस में जेल जाकर बाहर आई थी। आरोप है कि जोगा सांसी की बहन को अब इलाके में काम करने देने और केस ना करने की एवज में पुलिसवालों ने उससे पैसे मांगे थे। बुधवार को महिला सीबीआई को लेकर रिश्वत के दो लाख रुपये पुलिसवालों को देने पहुंची थी। रकम लेते ही सीबीआई ने पुलिसवालों को दबोच लिया। हालांकि, एक पुलिसकर्मी वहां से भागने में कामयाब रहा। सूचना यह भी है कि रिश्वत लेने के बाद पकड़े गए एक कॉन्स्टेबल ने एसएचओ को कॉल करके डील हो जाने की जानकारी दी थी, मगर कुछ ही देर में एसएचओ को सीबीआई रेड होने की सूचना मिल गई। इसके बाद वह वहां से भाग गया। आला अधिकारियों के पास एसएचओ की कोई खबर नहीं है। पुलिस एसएचओ का पता लगाने में जुटी है। माना जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए एसएचओ ने यह कदम उठाया है।




