एसबीआई के एटीएम से निकले 500 रुपये के चूरन वाले नकली नोट

पुलिस के पास एक-एक कर पहुंचे लोग तो लगा मशीन में ताला

शाहजहांपुर/उत्तर प्रदेश। शाहजहांपुर में एसबीआई एटीएम से 500 रुपये के चूरन वाले नकली नोट निकलने के बाद एटीएम कार्डधारकों में हड़कंप मच गया। वहीं बातचीत मे एटीएम कार्डधारक आकाश ने बताया कि शाम को वो मुरादाबाद- फर्रुखाबाद स्टेट हाइवे पर स्थित एसबीआई एटीएम से 3000 रुपए निकालने गया था, जिसमें से 500 रुपये का एक चूरन वाला नकली नोट निकला।वहीं दूसरे एटीएम धारक सुमित ने बीती शाम को दस हजार रुपये उसी एसबीआई एटीएम से निकाले तो उसमें भी 500 के 4 चूरन वाले नकली नोट निकले। इतना ही नहीं तीसरे एटीएम धारक शिवकुमार सिंह एसबीआई बैंक के पास स्थित एटीएम से शनिवार की सुबह उसी एसबीआई एटीएम से दस हजार रुपये निकाले तो उसमें भी दो चूरन वाले नकली नोट निकले।
चौथे एटीएम धारक विक्की माने ने उसी एसबीआई एटीएम से सात हजार रुपये निकाले, जिसमें से पांच सौ का एक चूरन वाला नकली नोट निकला। सभी एटीएम धारकों ने थाना कलान पर सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रभाष चंद ने मौके पर जाकर एटीएम पर ताला लगवा दिया और बताया कि आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आखिर एटीएम में चूरन वाले नोट कैसे निकल रहे हैं। क्या इसमें एटीएम मशीन में नोट भरने वाली टीम के सदस्यों का हाथ है? या फिर कोई साजिश। इस यक्ष प्रश्न का फिलहाल किसी के पास कोई जवाब नहीं है।
उधर जब इस संबंध में कलान के प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चंद से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि स्टेट बैंक के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इसलिए एटीएम पर ताला लगवा दिया गया है। बैंक का अवकाश होने की वजह से सोमवार को एसबीआई टीम को बुलाकर मामले की जांच कराई जाएगी।
जलालाबाद सीओ अमित चौरसिया ने बताया कि एटीएम मशीन से चूरन वाले नोट निकालने का मामला सामने आया है। एसबीआई के अधिकारियों से बात हो गई है। थाना प्रभारी ने एटीएम मशीन में ताला लगवा दिया है। बैंक की जांच-पड़ताल के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button