महाराष्ट्र के वरिष्ठ पत्रकार अभिमन्यु शितोले का निधन, देवेंद्र फडणवीस ने जताया शोक
Senior Maharashtra journalist Abhimanyu Shitole passed away, Devendra Fadnavis expressed grief

मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र में नवभारत टाइम्स के राजनीतिक संपादक अभिमन्यु शितोले का 54 वर्ष की आयु में शुक्रवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। 7 मार्च को दोपहर 3 बजे माहिम के पीडी हिंदुजा अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
उनके निधन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित राजनीतिक, सामाजिक और साहित्य जगह की तमाम हस्तियों ने शोक प्रकट किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने X पर लिखा कि नवभारत टाइम्स के पॉलिटिकल एडिटर अभिमन्यु शितोलेजी के देहांत की खबर बेहद दुखद है। मेरा उनसे बहुत पुराना परिचय था। सटीक पत्रकारिता के लिए वे जाने जाते थे। मैं उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पण करता हूं। इस कठिन समय हम सब उनके परिवारजनों के साथ हैं। उनके दुख में शामिल हैं।
11 सितंबर, 1970 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जन्मे अभिमन्यु ने करियर की शुरुआत मध्य प्रदेश में की थी। बाद में वह मुंबई आ गए और यहीं के होकर रह गए। पहले दोपहर का सामना फिर टीवी 9 और 2011 से नवभारत टाइम्स में कार्यरत थे। वे महाराष्ट्र हिंदी साहित्य अकादमी, मुंबई प्रेस क्लब, मंत्रालय पत्रकार संघ के सदस्य भी थे।
पैनी लेखनी, तीक्ष्ण विश्लेषण और गहरी समझ के साथ दमदार खबर लिखने वाले पत्रकार के रूप में अभिमन्यु शितोले की पहचान रही। व्यक्तिगत जीवन में जिंदादिली, हंसमुख और मिलनसार स्वभाव उनके व्यक्तित्व का विशेष गुण था। शनिवार सुबह उनका अंतिम संस्कार डोंबिवली में होगा। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं।




