रील बनाने के दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी बाइक को टक्कर, एक छात्र की मौत, दूसरा घायल

गांव में शोक की लहर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

ग्रेटर नोएडा। सोशल मीडिया पर रील बनाने के जुनून ने एक छात्र की जान ले ली और दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोतवाली क्षेत्र के महमदपुर जादों गांव के पास की है, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर से स्टंट के दौरान एक बाइक को टक्कर मार दी गई। हादसे में दसवीं कक्षा के छात्र ललित (18) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी मुनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
महमदपुर जादों गांव के ही रहने वाले मृतक छात्र ललित के पिता सुंदर पाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका बेटा ललित और उसका साथी मुनेश, झाझर स्थित हाई स्कूल से परीक्षा प्रवेश पत्र लेने के लिए बाइक से निकले थे। जैसे ही वे गांव से बाहर पहुंचे, तभी गांव के ही कुछ युवक दो ट्रैक्टरों से स्टंट करते हुए वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ललित और मुनेश की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ललित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे बुलंदशहर के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, मुनेश की हालत नाजुक बनी हुई है। आरोप है गांव महमदपुर निवासी दो युवक अपने ट्रैक्टर टोचन कर स्टंट करते हुए वीडियो बना रहे थे। जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। इसी दौरान एक ट्रैक्टर अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और हाईस्कूल छात्र ललित की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी जिससे छात्र की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक युवक सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए तेज रफ्तार ट्रैक्टर चला रहे थे और स्टंट कर रहे थे। वीडियो बनाने के दौरान उन्होंने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक छात्र ललित के पिता सुंदर पाल की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किए गए खतरनाक स्टंट जानलेवा साबित हो सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि लोग इस तरह की गतिविधियों से बचें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक ललित के घर पर कोहराम मचा हुआ है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता सुंदर पाल का कहना है कि उनका बेटा परीक्षा देने की तैयारी कर रहा था, लेकिन स्टंटबाजी के चक्कर में उसकी जान चली गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button