उदयपुर में बेटी ने प्रेमी को 1 लाख का लालच देकर कराई थी पिता की हत्या
In Udaipur, Rajasthan, the daughter had got her father killed by luring her lover with Rs 1 lakh

उदयपुर/राजस्थान। उदयपुर जिले के फलासिया थाना क्षेत्र में एक शख्स की हत्या का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझा लिया है और बताया है कि इस वारदात में मृतक की बेटी और उसका प्रेमी भी शामिल है। 29 सितंबर को आमलिया गाँव में दिनेश पुत्र भूराजी गमार का शव उनके घर में मिला था। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मृतक की बेटी शीला, उसका प्रेमी करण और उसके तीन दोस्त रामलाल, पवन और एक नाबालिग शामिल हैं।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि 29 सितंबर को आमलिया गांव निवासी दिनेश पुत्र भूराजी गमार का शव घर के आंगन में चारपाई पर परिजनों को सन्दिग्ध अवस्था में मिला था। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान भी थे। मृतक के भाई गोपाल की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल, सीओ महावीर सिंह शेखावत के सुपरविजन और एसएचओ सीताराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच में मृतक की पुत्री शीला कुमारी की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर गठित टीम ने पूछताछ शुरू की। इस पर शीला ने अपने प्रेमी करण और उसके दोस्तों के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या करना कबूल कर लिया। हत्या के बाद फरार हुए आरोपी करण और रामलाल को राजकोट से, पवन को झाडोल थाना क्षेत्र से, एक नाबालिग को करेल थाना क्षेत्र के फलासिया से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी ने दिनेश की हत्या करना स्वीकार किया।
मृतक दिनेश की बेटी शीला ने अपने प्रेमी करण को कहा कि मेरे पापा मेरे साथ मारपीट, गाली गलौच व गलत हरकते करते है। मेरी मम्मी को भी बहुत मारते है। मेरे पिताजी दूसरी पत्नी लेकर आए, उसके बाद से बहुत ज्यादा परेशान करते हैं। इनको मारना पड़ेगा। तू यहां आकर मेरे पापा को जान से मार दे या किसी से मरवा दे। मैं तुमको 1 लाख रुपये दूंगी। इसके बाद करण ने शीला के पापा को मारने का प्लान बनाया। इसके तहत 28 सितम्बर को रात के समय करण ने अपने दोस्त रामलाल, पवन और नाबालिग के साथ मिलकर दिनेश की हत्या कर दी।




