दिल्ली में फर्जी आईटी रेड करने वालों में दो पुलिस वाले भी थे शामिल

स्पेशल सेल ने फर्जी रेड में शामिल प्रीत विहार थाने के हेड कॉन्स्टेबल और ट्रैफिक के हवलदार समेत कई आरोपियों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली/एजेंसी। प्रीत विहार में एक कारोबारी फैमिली के घर में इनकम टैक्स की फर्जी रेड मारने वाले गैंग का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस गिरोह में थाने का एक हेड कॉन्स्टेबल भी शामिल है। पुलिस हेडक्वॉर्टर से केस गुरुवार शाम स्पेशल सेल को ट्रांसफर कर दिया गया था। गुरुवार देर रात छापेमारी कर स्पेशल सेल ने फर्जी रेड में शामिल प्रीत विहार थाने के हेड कॉन्स्टेबल और ट्रैफिक के हवलदार समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अफसरों का कहना है कि फिलहाल सभी से पूछताछ चल रही है। इसलिए ज्यादा डिटेल साझा नहीं की जा सकती है।
अखबारों में खबर छपने के बाद पुलिस हेडक्वॉर्टर लेवल के अफसरों ने इस मामले को गंभीरता से लिया। लोकल पुलिस से शुरुआती जांच रिपोर्ट मांगी गई। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी कैद मिले, जिसमें लोकल थाने का एक हेड कॉन्स्टेबल भी था। इसका पता चलते ही आला अफसरों ने गुरुवार शाम को इस मामले की जांच लोकल पुलिस से सीधा स्पेशल सेल को ट्रांसफर करने के ऑर्डर जारी कर दिए। स्पेशल सेल किसी बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका की वजह से बुधवार सुबह खबर छपने के बाद से ही सक्रिय थी।
सूत्रों ने बताया कि स्पेशल सेल को आशंका थी कि कोई बड़ा गिरोह शामिल हो सकता है। इस वजह से वो पहले से टेक्निकल सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड समेत कई चीजों पर काम कर रही थी। पुलिस को कार के नंबरों के जरिए इसके मालिकों का पता चला। दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में छापेमारी की गई। इससे खुलासा हुआ कि दोनों कार किराए पर ली गई थीं। इन कारों को किराए पर लेने के लिए जिन फोन नंबरों का इस्तेमाल किया गया था, उनकी सीडीआर निकलवाई गई। इससे आरोपियों तक पुलिस पहुंच गई। दोनों पुलिसकर्मियों को भी दबोच लिया गया। पुलिस सभी से पूछताछ कर पूरे सिंडिकेट का पता लगा रही है।
सूत्रों का दावा है कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था, जो कई बड़े कारोबारियों को इनकम टैक्स की रेड के नाम पर चूना लगा चुका है। इनकम टैक्स समेत दूसरे विभागों को पैसे का हिसाब-किताब देने के डर की वजह से पीड़ित ऐसे मामलों की शिकायत नहीं करते हैं। आशंका है कि प्रीत विहार में की गई नकली रेड के दौरान भी यह गिरोह अपने साथ काफी कैश ले गया है। इसलिए स्पेशल सेल इस गैंग की तह तक जाने में जुटी है। पता लगाया जा रहा है कि और पुलिसवाले तो इस कांड में शामिल नहीं हैं। पुलिस वालों के इस गिरोह में शामिल होने से हेडक्वॉर्टर लेवल के अफसर भी जांच की प्रगति को लेकर लगातार अपडेट ले रहे हैं।
प्रीत विहार में रहने वाली कारोबारी फैमिली के घर 2 अगस्त रात 8:20 बजे 7-8 लोग आ धमके। इनकम टैक्स अफसर बताते हुए बड़े भाई के नाम का नोटिस दिखाया। बड़े भाई और उनकी पत्नी के फोन ले लिए। पहली मंजिल पर रहने वाले छोटे भाई को भी नीचे लेकर आए। इनके भी तीन फोन ले लिए। आरोपी घर की तलाशी लेने लगे। कारोबारी फैमिली के घर पहले भी आईटी रेड हो चुकी थी। इस वजह से उन्हें पता था कि एक महिला अधिकारी का होना जरूरी है। कथित टीम से सवाल पूछे और अपने फोन मांगे। इससे वो घबरा गए और नोटिस थमाकर भाग खड़े हुए। तीन फोन लौटाए, जबकि दो साथ ले गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button