बिहार में यूट्यूब देखकर बम बना रहे थे बच्चे, टॉर्च को ऑन करते ही हुआ जोरदार धमाका, 5 घायल
In Bihar, children were making bombs by watching YouTube, as soon as the torch was switched on, there was a huge explosion, 5 injured

मुजफ्फरपुर/बिहार। मुजफ्फरपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना में यूट्यूब देखकर बम बनाने की कोशिश कर रहे पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र के मुन्नी बंगरा कल्याण गांव की है। बच्चे यूट्यूब पर देखकर माचिस की तीलियों का मसाला छुटाकर टॉर्च में भरकर बम बनाने का प्रयास कर रहे थे। माचिस की तीली का मसाला डालने के बाद जैसे ही उन्होंने बैटरी डालकर टॉर्च ऑन की, टॉर्च में ज़ोरदार धमाका हुआ। इस धमाके में पांचों बच्चे घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि चार अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, इस घटना में शामिल सभी बच्चे एक ही गांव के बताए जा रहे हैं, जिनमें से तीन बच्चे एक ही परिवार के हैं। एक घायल बच्चे के पिता राघवीर यादव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि उनका बेटा जल गया है। उन्होंने कहा, ‘मुझे सूचना मिली कि आपका बच्चा जल गया। जब गांव पहुंचा तो पता चला कि बम विस्फोट में बच्चा जलकर घायल हुआ है। अब कौन साजिश के तहत मेरा बच्चा को जला दिया, या बम विस्फोट कर दिया। मैं नहीं जानता हूं।’
मुजफ्फरपुर के एसएसपी राकेश कुमार ने बताया कि बच्चे यूट्यूब पर वीडियो देखकर बम बनाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बच्चे खेल-खेल में ऐसा कर रहे थे और उन्हें अपने कृत्य की गंभीरता का अंदाजा नहीं था। घायल बच्चों को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घायल बच्चों में से एक बच्चे की हालत गंभीर है। उसका इलाज गायघाट पीएससी में चल रहा है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नज़र रखने की जरूरत पर जोर दिया है।




