अलवर गैंगरेप में सेना का अग्निवीर निकला मुख्य आरोपी, उत्तराखंड से गिरफ्तार, साथियों की तलाश जारी
Main accused in Alwar gang rape case turns out to be Army Agniveer, arrested from Uttarakhand, search for accomplices continues

अलवर/राजस्थान। अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भावेश उर्फ सौरभ सेना में अग्निवीर के पद पर तैनात है। वह घटना को अंजाम देने के बाद उत्तराखंड में अपनी ड्यूटी पर चला गया था। पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार किया है। कठूमर सर्किल सीओ जोगेन्दर सिंह राजावत ने बताया कि पीड़िता को उसके ही एक जानकार ने बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया था। इसके बाद आरोपी और उसके चार दोस्तों ने उसके साथ गैंगरेप किया। बता दें कि इस घटना के बाद से ही परिजनों में आक्रोश था और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस सहित सीएम भजनलाल शर्मा से भी मदद की गुहार लगाईं गई थी।
गैंगरेप का मुख्य आरोपी निकला अग्निवीर
घटना के बाद पीड़िता के पिता ने कठूमर थाने में मामला दर्ज कराया था। पीड़िता के पिता ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुख्यमंत्री से गुहार भी लगाई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें बनाईं। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी भावेश उर्फ सौरभ सेना में अग्निवीर है और उत्तराखंड में तैनात है। सीओ जोगेन्दर सिंह राजावत और थानाधिकारी संजय शर्मा ने उत्तराखंड जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
गैंगरेप के बाद उत्तराखंड जाकर ड्यूटी करने लगा अग्निवीर
पुलिस जांच में सामने आया कि अग्निवीर गैंगरेप की घटना को अंजाम देकर उत्तराखंड सेना मुख्यालय पर जाकर ड्यूटी करने लग गया। इससे पहले पुलिस ने इस मामले में एक अन्य आरोपी रामवीर सिंह गुर्जर को गिरफ्तार किया था। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।




