गाजियाबाद में सब्जी मंडी में प्लास्टिक थैली के खिलाफ अभियान चलाने गए निगमकर्मी पर पथराव, डंडे से पिटाई,एक घायल

गाजियाबाद। प्रतिबंधित पालिथीन पर कार्रवाई करने सब्जी मंडी पहुंचे निगम दस्ते पर शुक्रवार को पथराव हो गया। जिसमें नगर निगम के प्रवर्तन दस्ते का कर्मचारी सिर पर पत्थर लगने से घायल हो गया। व्यापारियों ने निगम दस्ते के कर्मचारियों पर डंडे से पीटने का आरोप लगाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस पार्षद प्रवीण कुमार को अपने साथ थाने ले आई। पार्षद को पकड़ने की सूचना मिलने पर कई पार्षद सिहानी गेट थाने पहुंचे और हंगामा किया। पुलिस ने बाद में पार्षद को छोड़ दिया। शाम को कर अधीक्षक की शिकायत पर पार्षद के भाई और एक व्यापारी पर केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।
शु्क्रवार को नगर निगम का प्रवर्तन दस्ता पुराना बस अड्डा स्थित सब्जी मंडी में प्रतिबंधित प्लास्टिक पर कार्रवाई करने गया था। दुकानों पर पिन्नी की चेकिंग के दौरान व्यापारियों और निगम दस्ते में नोंकझोंक शुरू हो गई। व्यापारियों ने दुकान में अंदर घुसने का विरोध किया। प्रवर्तन दस्ते के कर्मचारियों का आरोप है कि तरूण उर्फ रिंकू की दुकान पर निगम टीम पर मिर्ची पाउडर फेंक दिया।
इसके बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और निगम दस्ते पर पथराव कर दिया। तरूण पर लाठी से निगम दस्ते के कर्मचारियों पर हमला करने का आरोप भी लगाया गया है। मौके पर पहुंचे वार्ड 12 के पार्षद प्रवीण कुमार को देख भीड़ दोबारा उग्र हो गई। प्रवीण की निगम दस्ते के कर्मचारियों से बातचीत चल ही रही थी कि इसी बीच भीड़ में किसी ने पत्थर मार दिया जो निगम दस्ते के कर्मचारी हरीश कुमार के सिर में लगा जिससे उनके सिर से खून निकलने लगा।
सूचना पर भारी पुलिस फोर्स के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। तब तक पथराव कर रहे लोग वहां से भाग निकले। पुलिस मौके से पार्षद प्रवीण को अपने साथ लेकर सिहानी गेट थाने आ गई। देर शाम मामले में सिटी जोन के कर अधीक्षक रामबलि पाल की शिकायत पर पार्षद के भाई अतुल और व्यापारी तरूण उर्फ रिंकू पर केस दर्ज किया गया है।
थाने में एसीपी से पार्षद राजीव शर्मा की बहस हुई
सिहानी गेट थाने में पार्षद को ले जाने की सूचना मिलने पर कई पार्षद और कांग्रेसी नेता पहुंच गए। भाजपा पार्षद राजीव शर्मा ने एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह से कहा कि पुलिस पार्षद को गिरफ्तार करने पर तुली हुई है इसलिए थाने लेकर आई है। मौके पर पार्षद हिमांशु शर्मा, नीरज गोयल, शीतल देओल समेत पूर्व कांगेस शहर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, पूर्व रालोद शहर अध्यक्ष अरूण चौधरी भी पहुंचे। हिंदू रक्षा दल अध्यक्ष पिंकी चौधरी भी समर्थकों के साथ थाने पहुंचे।
व्यापारियों की तरफ से अंकित ने निगम दस्ते पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी। निगम की तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। व्यापारियों की शिकायत पर जांच के बाद कार्रवाई करेंगे। सिहानी गेट थाने पहुंचे चोटिल व्यापारी उमेश कुमार ने कहा कि निगम दस्ते ने डंडे बरसाए हैं। बिना किसी कारण उनकी दुकान में जबरन घुसने का प्रयास कर रहे थे। उनके अलावा मिंटू, बिल्लू, अमित और राकेश के भी चोट आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button