आजमगढ़ में गुड्डू जमाली के बाद सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव पर भी मुकदमा, आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है। सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव 22 मार्च को जिले की मेंहनगर विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन आयोग की अनुमति से अधिक गाड़ियां लेकर चल रहे थे। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार आदर्श आचार संहिता लग जाने के बाद प्रत्याशियों के काफिले में 10 से अधिक गाड़ियां नहीं चल सकती। वहीं धर्मेंद्र यादव के काफिले में 42 से अधिक गाड़ियां थी।
इसी आधार पर मेंहनगर थाने में धर्मेंद्र यादव के साथ 42 अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही हैं। बता दें कि इससे पहले समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य गुड्डू जमाली के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज किया गया था। गुड्डू जमाली के काफिले में स्टंटबाजी का वीडियो सामने आया था, जिसके बाद उनके खिलाफ केस दर्ज किया था। इसमें जमाली के अलावा 25 अन्य लोगों पर भी एमवी ऐक्ट के तहत एफआईआर दर्ज किया गया था।
गुड्डू जमाली ने बसपा छोड़ सपा का हाथ थामा था। जिसके बाद अखिलेश यादव ने उन्हें विधान परिषद भेज दिया था। इसके बाद आजमगढ़ में उनका स्वागत समारोह कार्यक्रम रखा गया था। इसी कार्यक्रम में उनके काफिले में समर्थकों ने स्टंट किया और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन भी किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई। मामले में जमाली समेत 25 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।




