लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे पवन सिंह, नाम वापस लेने की घोषणा की

नेशनल डेस्क। भोजपुरी गायक एवं अभिनेता पवन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार के तौर पर अपना नाम वापस ले लिया है। सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के जरिये इस बात की घोषणा की। उन्होंने टिकट देने के लिए भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट किया और कहा कि वह ‘‘किसी कारणवश’’ आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का दिल से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने मुझ पर विश्वास करके मुझे आसनसोल का उम्मीदवार घोषित किया लेकिन किसी कारणवश में आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा…।’ सिंह ने चुनाव नहीं लड़ने के अपने फैसला का कारण स्पष्ट नहीं किया।
भारतीय जनता पार्टी काफी समय से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में लगी हुई है। इसके मद्देनजर शनिवार को पार्टी ने पहली सूची जारी करते हुए 195 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की। भाजपा की पहली सूची में पवन सिंह का नाम भी शामिल था। भोजपुरी स्टार को पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से टिकट दिया गया था। वर्तमान में, इस सीट से तृणमूल कांग्रेस के नेता एवं अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा सांसद हैं।
आसनसोल लोकसभा सीट पर पवन सिंह को उम्मीदवार घोषित करने के भाजपा के फैसले की तृणमूल कांग्रेस ने आलोचना की थी। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी ने आरोप लगाया था कि सिंह के कई गाने असभ्य हैं और उनमें राज्य की महिलाओं सहित सभी महिलाओं को अश्लील तरीके से चित्रित किया गया है। देखा जाए तो तृणमूल कांग्रेस के आरोपों के बाद विवाद खड़ा होने से बचाने के लिए भाजपा ने पवन सिंह को अपना नाम वापस लेने के लिए राजी किया है। बता दें, संदेशखालि विवाद को लेकर भाजपा लंबे समय से तृणमूल पर निशाना साध रही है। ऐसे में पवन सिंह की उम्मीदवारी पार्टी के लिए विवाद खड़ा कर सकती थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button