आज उत्तर प्रदेश बन गया है निवेश का महत्वपूर्ण गंतव्य: सीएम योगी

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदलाव, नयापन और विकास के लिए सरकार की नीयत को जवावदेह करार दिया है। उन्होंने कहा है कि किसी भी प्रदेश का विकास वहां की सरकार की नीयत पर निर्भर है। सरकार पारदर्शी और ईमानदार होगी तो उसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। यदि सरकार भ्रष्ट, बेईमान होगी तो उसके परिणाम भी उसी प्रकार के देखने को मिलेंगे जैसे कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में देखने को मिलते थे।
सीएम योगी रविवार पूर्वाह्न गोरखपुर में एक मीडिया समूह की तरफ से आयोजित विमर्श कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। नए भारत का नया उत्तर प्रदेश विषयक विमर्श में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद सरकार की नीयत विकास की रही तो आज उत्तर प्रदेश आर्थिक निवेश का महत्वपूर्ण गंतव्य बन गया है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में यूपी की रैंकिंग 14वें स्थान से दूसरे स्थान पर हो गई है और अब नम्बर वन की लड़ाई है। आबादी में पहले स्थान वाला यह राज्य देश की छठवीं अर्थव्यवस्था था, आज यह नंबर दो की अर्थव्यवस्था हो गया है। अगले पांच सालों में अग्रणी स्थान पर होगा। देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर यह प्रदेश अगले तीन वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में अपना योगदान देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीरामजन्मभूमि को लेकर लड़ाई कई स्तर पर लड़ी गई। यह दुनिया का पहला ऐसा आंदोलन था जब भारत की आत्मा के रूप में जाने जाने वाले श्रीराम को अपनी जन्मभूमि के लिए प्रमाण जुटाने पड़े थे। इसके लिए हर प्रकार की लड़ाई लड़ी गई और ‘सत्यमेव जयते’ का भारत का उद्घोष सार्थक हुआ।




