सतना नगर निगम की बड़ी लापरवाही, नाली के लिए ऐसी खोदी जमीन की धराशाई हो गया स्कूल

सतना/मध्य प्रदेश। शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक निजी स्कूल का भवन अचानक से धराशाई हो गया। घटना होने से पहले ही वहां पढ़ने वाले छात्रों को स्कूल आने के बाद बाहर रोक लिया गया था। इसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि बिल्डिंग गिरने से स्कूल के अंदर रखे टीचिंग मटेरियल को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद नगर निगम की अभी तक कोई भी सफाई सामने नहीं आई है।
स्कूल बिल्डिंग गिरने की घटना शहर के नई बस्ती इलाके की है। यहां एक प्राइवेट स्कूल संचालित किया जाता है। जिसकी नगर निगम की लापरवाही के चलते विद्यालय भवन को नुकसान पहुंचा और बिल्डिंग गिर गई। दरअसल, स्कूल के पास नगर निगम ने नाली निर्माण के लिए खुदाई की है। स्कूल मैनेजमेंट का आरोप है कि इसके चलते नींव कमजोर हुई और यह हादसा हो गया।
बिल्डिंग के पास खोदा गड्ढा, कमजोर हुई नींव
सतना नगर निगम नई बस्ती इलाके में नाली निर्माण का कार्य कर रही है। जिसकी वजह से नाली के लिए सड़क किनारे गहरे गड्ढे खोदे गए हैं। स्कूल के पास भी इसी तरह का गड्ढा खोदा गया है। स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि नगर निगम ने गड्ढा खोदने के दौरान उनके स्कूल की नींव की भी खुदाई कर दी। जिसके चलते बिल्डिंग का बेस कमजोर हो गया और वह धराशाई हो गई।
स्कूल की सामग्री को पहुंचा नुकसान
बिल्डिंग गिरने से पहले स्कूल पहुंचे एक शिक्षक ने जब रूम ओपन करके देखा तो उन्हें बिल्डिंग की हालत देखकर कुछ आशंका हुई। उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हुए वहां आने वाले बच्चों को पहले ही रोक दिया। साथ ही अन्य टीचरों व स्टॉफ को भी अलर्ट किया और बाहर ही रोक लिया। शिक्षक ने बताया कि उनके देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग गिर गई। हालांकि बच्चों को रोक दिया गया था। लेकिन स्कूल के अंदर रखे टीचिंग मटेरियल जैसे कॉपी किताब, कंप्यूटर्स को नुकसान पहुंचा है। वहीं, स्कूल बिल्डिंग गिरने से विद्यालय प्रबंधन को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
नगर निगम नहीं दे रहा जवाब
आसपास के लोगों का कहना है कि सुबह इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी अभी तक कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच हालात जानने के लिए नहीं आया है। इसके साथ ही घटना के बाद से नगर निगम के अधिकारी भी मीडिया से कुछ भी कहने से बच रहे है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button