वाह री हरियाणा पुलिस! थाने में ले जाकर की आरोपियों की खातिरदारी, पिलाया दूध और खिलाए केले

सोनीपत,(हरियाणा)। सोनीपत जिले में दिन प्रतिदिन अपराध बढ़ता जा रहा है। अपराध पर लगाम लगाने में सोनीपत पुलिस नाकाम साबित हो रही है। लेकिन सवाल यह खड़ा होता है कि आखिरकार सोनीपत में आए दिन अपराध बढ़ क्यों रहा है। अब इस अपराध बढ़ने की असल वजह भी सामने आई है। सोनीपत में अपराधियों को पुलिस सजा नहीं दिलवाती बल्कि उनकी खातिरदारी करती है। दिनदहाड़े गुंडागर्दी का नंगा नाच करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मुरथल थाना पुलिस उनकी खातेदारी करती नजर आई है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मुरथल थाना एसीपी गोरखपाल राणा की सफाई सामने आई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में वह खुद जांच कर रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेंगे।
बीती 15 अगस्त को नेशनल हाईवे 44 पर भिगान टोल पर टोल ना देने को लेकर झगड़ा हो गया था जिसके बाद 5 से 6 गाड़ियों में सवार होकर बदमाशों ने दिनदहाड़े टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की थी। जिसकी सीसीटीवी फुटेज सामने आई थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने टोल मैनेजर की शिकायत के आधार पर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों की खातिरदारी करती हुई मुरथल थाना पुलिस नजर आई है। यह वह सभी आरोपी हैं जिन्होंने टोल पर मारपीट की थी। वही वीडियो सामने आने के बाद अब मुरथल थाना एसीपी सफाई दे रहे हैं कि वह खुद जांच कर रहे हैं और दोषियों पर कार्रवाई करेंगे।




