गाजियाबाद में यमुना नदी पर बना बांध टूटा, चार गांवों में भरा पानी; राहत और बचाव कार्य जारी

गाजियाबाद ब्यूरो। हरियाणा के हथनी कुंड से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद लोनी के अल्लीपुर गांव के पास यमुना नदी का बांध टूट गया है। इससे पचायरा, बदरपुर, सुंगरपुर और अल्लीपुर गांव में पानी भर गया। बदरपुर गांव ज्यादा प्रभावित है। प्रशासनिक अधिकारी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। अचानक यमुना का जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया। पानी का दबाव बांध नहीं झेल पाया।
अल्लीपुर और बदरपुर गांव के लोग टूटे बांध के पानी को रोकने के लिए पहुंचे। मिट्टी के कट्टे भरकर पानी को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन पानी नहीं रुका। इससे लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ लोग अपने घर की छतों पर चढ़ गए। यमुना में जो पानी छोड़ा गया था, उसका आधा पानी शाम तक लोनी से आगे निकल गया, जिस वजह से पानी का स्तर कम हो गया।
बदरपुर गांव के पास की कालोनियां डूब क्षेत्र में बनी हैं। इन कालोनियों में पानी भर गया है। काफी संख्या में आधे मकान डूब गए हैं। कई परिवारों को शिविर में रखा गया है। इसी तरह अल्लीपुर गांव में पानी भरने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। उप जिलाधिकारी शाल्वी अग्रवाल ने बताया कि पानी रुक गया है। लोगों को बचाने का काम चल रहा है। जानवरों को भी पानी से निकाला गया है। बृहस्पतिवार को पानी का स्तर बढ़ सकता है। ऐसे उसकी तैयारी की जा रही है।
पानी में डूबी धान की फसल
धान की फसल की रोपाई हो चुकी है। कुछ स्थानों पर धान की फसल पकनी शुरू हो गई है। यमुना के पानी में फसल डूब गई है। किसान देवेंद्र कुमार ने बताया कि पानी भरने से हजारों एकड़ फसल बर्बाद हो गई। किसानों ने प्रशासन से पानी को रोकने का प्रयास किया।
सिंचाई विभाग के इंजीनियर रजत गुप्ता ने बताया कि दो लाख क्यूसेक पानी हथनी कुंड बैराज से पानी छोड़ने के कारण यमुना का जल स्तर बढ़ा है। हथनी कुंड से बुधवार को 3.60 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी बृहस्पतिवार दोपहर तक लोनी पहुंचेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले से कोई इंतजाम नहीं किया गया तो बृहस्पतिवार को यह पानी भारी तबाही मचा सकता है।
ट्रांस हिंडन में जगह-जगह हुआ जलभराव
बुधवार को जगह-जगह वर्षा का जल सड़कों पर भर गया। जबकि कुछ स्थानों पर पहले से वर्षा का पानी भरा हुआ है। जलभराव की स्थिति का नगर आयुक्त ने जायजा लिया लेकिन जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। नालों की सफाई नहीं होने के कारण ट्रांस हिंडन में जलभराव की स्थिति बन रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button