गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक एनएच-9 पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे में छह लोगों की मौत की सूचना है, जिसमें 2 पुरुष, 2 महिला और 2 बच्चे शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, थाना विजय नगर और टिगरी के बीच एक्सप्रेस-वे पर बस और कार में भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में छह लोगों की जान गई है।
हादसे के वक्त खाली थी बस
गनीमत यह थी कि हादसे के वक्त बस में सवारियां नही थी। कहा जा रहा है कि बस के रॉन्ग साइड आने से हादसा हुआ है। टीयूवी वैन में सवार परिवार मेरठ का रहने वाला है।
कार सवार परिवार खाटू श्याम जा रहा था। कार में कुल 08 लोग मौजूद थे, जिसमें 06 लोगों की मौत हो गई जबकि 02 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद पुलिस मौके पर राहत कार्य में जुटी है। विपरीत में वाहन आना हादसे का कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। हादसे की वजह से एक्सप्रेस-वे पर जाम लग रहा है।




