120 की रफ्तार से कार पेड़ से टकराई, दिल्ली लौट रहे दंपती समेत ढाई महीने के बच्चे की मौत

  • नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर सेक्टर 160 के पास शनिवार सुबह 5 बजे हुई दुर्घटना
  • परिवार आगरा में हुए शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली लौट रहा था
  • पुलिस ने बताया, एक्सिडेंट के बाद स्पीडोमीटर की सुई 120 पर अटकी हुई थी
  • हादसे में मरने वाले कार्तिक गुप्ता की दिल्ली में वाहनों के बियरिंग की फैक्ट्री है

नोएडा। नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर सेक्टर 160 के पास शनिवार सुबह 5 बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में फैक्ट्री मालिक, उनकी पत्नी और ढाई महीने के बच्चे की मौत हो गई। युवक की साली और बुआ गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। कारोबारी का परिवार आगरा में शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली लौट रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि गाड़ी 120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पर थी और नींद आने पर हादसा हुआ है। पुलिस ने इनके घरवालों को घटना की जानकारी दे दी है। परिजन मौके पर पहुंच गए।

ग्रेनो के नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि कार्तिक गुप्ता ( विकास नगर, दिल्ली) की वाहनों के बियरिंग बनाने की फैक्ट्री है। वह पत्नी शिवानी (23), ढाई महीने के बच्चे, बुआ सुमन गुप्ता और साली शीतल शर्मा (18) के साथ आगरा अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में स्विफ्ट डिजायर कार से गए थे। शुक्रवार रात प्रोग्राम अटैंड करने के बाद वह वापस अपने घर दिल्ली लौट रहे थे। शनिवार सुबह 5 बजे उनकी गाड़ी नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-160 के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस घटना में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार्तिक गुप्ता और उनकी साली शीतल शर्मा को नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान कार्तिक गुप्ता की मृत्यु हो गई। इनके बच्चे को फेलिक्स हॉस्पिटल सेक्टर-137 में एडमिट कराया गया। वहां डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए। कार्तिक गुप्ता की पत्नी शिवानी को जेपी हॉस्पिटल ले जाया गया, वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार्तिक की बुआ और साली की हालत गंभीर बनी हुई है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ है उस समय स्विफ्ट डिजायर गाड़ी की स्पीड 120 की रफ्तार पर थी। एक्सिडेंट के बाद स्पीडोमीटर में उसकी सुई 120 पर अटकी हुई थी। जांच में यह सामने आया है कि नींद आने के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस ने हादसे की वजह जानने के लिए कार्तिक गुप्ता की साली शीतल शर्मा के होश में आने पर पूछताछ की। शीतल ने बताया कि गाड़ी में सभी लोग सोए हुए थे केवल कार्तिक ही जगे हुआ था, उसे हादसे के बारे में कोई जानकारी नहीं है। नॉलेज पार्क कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक कारोबारी कार्तिक गुप्ता ने शिवानी से दो साल पहले लव मैरिज की थी। अब ढाई महीने पहले बेटा हुआ था। तीनों की दर्दनाक मौत ने परिवार को गहरा सदमा दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button