पुलिस की वर्दी में रील बनाकर फेमस होने वाला चोरी में गिरफ्तार, फर्जी परिचय पत्र भी बरामद

गाजियाबाद। कौशांबी थाना पुलिस ने पुलिस की वर्दी पहनकर रील बनाकर फेमस हुए युवक को चोरी के मामले में शनिवार को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने सात अप्रैल को वैशाली में परिचित के घर से 50 हजार रुपये और मोबाइल चोरी किया था। उसके पास से पुलिस की पांच जोड़ी वर्दी, टोपी, फर्जी परिचय पत्र, काले जूते, छह हजार रुपये, आधार कार्ड बरामद हुए हैं। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित गांव बहादुरगढ़ थाना दौराला, जिला मेरठ का संदीप कुमार है।
पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह वैशाली के राना से उनकी बहन के माध्यम से परिचय था। हाल में वह किराये पर मंगल वाली गली साहिबाबाद में रहता था। सात अप्रैल की रात को वह यहां आया था। खाना खाने के बाद सो गया और सुबह घर में रखे 50 हजार रुपये व मोबाइल चोरी कर भाग गया। 44 हजार रुपये उसमें से खर्च कर दिए और मोबाइल को एक राहगीर को दो हजार रुपये में बेच दिया। उसने बताया कि पुलिस की वर्दी, नेम प्लेट, कैप आदि पहनकर वह रील बनाता था। जिसे इंटरनेट मीडिया पर डालकर फालोवर बढ़ाता है।
इससे उसने काफी रुपये भी कमाए हैं। वह युवतियों को आकर्षित करने के लिए भी पुलिस की वर्दी पहनता था। उनसे दोस्ती करता था। पुलिस जांच में आया है कि आरोपित मेरठ से बीएससी बायोटेक कर चुका है। वर्दी पहनकर उसके वसूले किए जाने या कहीं रौब दिखाकर रुपये तो नहीं लेता था। इन सब बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। साथ ही आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।



