एचपीवी टीकाकरण अभियान में बड़ी उपलब्धि, नौ महीने से पहले एक करोड़ से अधिक दी गईं खुराकें
भारत ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जहां राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत नौ महीने से भी कम समय में एक करोड़ से अधिक खुराकें दी गई हैं।

नई दिल्ली,एजेंसी। भारत में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रीय ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अभियान शुरू होने के नौ महीने से भी कम समय में देशभर में एक करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराकें दी जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, यह संख्या निर्धारित वार्षिक लक्ष्य का करीब 87 प्रतिशत है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस वर्ष फरवरी में राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत 14 वर्ष की किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर एचपीवी वैक्सीन की एक खुराक निःशुल्क दी जा रही है। टीकाकरण के लिए अभिभावकों की सहमति अनिवार्य है। एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल है। ऐसे में यह अभियान किशोरियों को भविष्य में इस बीमारी के जोखिम से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया के वर्ष 2021 के जनसंख्या अनुमानों के आधार पर अभियान का वार्षिक लक्ष्य करीब 1.2 करोड़ किशोरियों को टीका लगाने का रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार ने अपने निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत कवरेज हासिल कर लिया है।
अन्य राज्यों में भी टीकाकरण की प्रगति दर्ज की गई है। असम में 95.63 प्रतिशत, तेलंगाना में 95.28 प्रतिशत, कर्नाटक में 93.16 प्रतिशत और उत्तराखंड में 90.17 प्रतिशत कवरेज हुआ है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 86.21 प्रतिशत और राजस्थान में 85.23 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जा चुका है।
एक करोड़ से अधिक खुराकें दिए जाने की उपलब्धि से देश में किशोरियों तक निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ने का संकेत मिला है। अभियान के शेष लक्ष्य को पूरा करने के लिए टीकाकरण की निरंतरता और अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाना महत्वपूर्ण रहेगा।




