छात्रा पर एसिड फेंकने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मुंडन कर पैदल कोर्ट ले गई पुलिस
छत्तीसगढ़ के बालोद में छात्रा पर तेजाब फेंकने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रपोजल ठुकराने से नाराज होने पर एसिड से अटैक किया था।

बालोद,छत्तीसगढ़। बालोद जिले में लाइब्रेरी से घर लौट रही 22 वर्षीय छात्रा पर तेजाब फेंकने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में 20 वर्षीय यश कुमार सोनकर को कथित मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है, जबकि 20 वर्षीय करण कुंजाम पर छात्रा पर तेजाब फेंकने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, यश कुमार सोनकर बालोद जिले के नेवारिकला का निवासी है और छात्रा से एकतरफा प्रेम करता था। पुलिस का दावा है कि प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद वह नाराज था और बदला लेने की योजना बना रहा था। इसी क्रम में उसने बीजापुर जिले के भैरमगढ़ निवासी करण कुंजाम के साथ मिलकर कथित तौर पर छात्रा पर तेजाब फेंकने की साजिश रची।
घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बालोद थाना क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी में हुई। पुलिस के अनुसार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्रा ई-लाइब्रेरी में पढ़ाई करने के बाद पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर तेजाब फेंक दिया। हमले में छात्रा झुलस गई। पुलिस के मुताबिक, उसके चेहरे और दोनों हाथों पर जलने के निशान हैं। घटना के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों का मुंडन कराया और उन्हें पैदल अदालत ले गई। इस दौरान घड़ी चौक समेत रास्ते में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया। कुछ लोगों ने आरोपियों के चेहरे पर कालिख पोतने की कोशिश की। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भीड़ से बचाते हुए अदालत तक पहुंचाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की भूमिका, हमले की साजिश और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




