बिहार में एक और शर्मनाक वारदात,हथियार के बल पर महिला का गैंगरेप फिर वीडियो बनाकर कर दिया वायरल

बेगूसराय में एक महिला के साथ दो लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उनका दुस्साहस इतना बढ़ा कि उन्होंने इसका वीडियो भी वायरल कर दिया। अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

बेगूसराय,बिहार। जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने दो युवकों पर हथियार का भय दिखाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया व व्हाट्सएप समूहों में प्रसारित करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने सोमवार देर शाम थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत में महिला ने बताया कि 27 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे वह स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से ऋण की राशि की वसूली के लिए निकली थी। रास्ते में एक पड़ोसी युवक मिला, जिसने कथित तौर पर उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। आरोप है कि वह उसे अलका सिनेमा के समीप ले गया, जहां उसका एक साथी पहले से मौजूद था।
महिला के अनुसार, दोनों युवक उसे बातचीत के बहाने एक होटल में ले गए। आरोप है कि होटल के कमरे में दोनों ने दरवाजा बंद कर चाकू का भय दिखाया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसी दौरान अश्लील वीडियो बनाए जाने और बाद में उसे सोशल मीडिया तथा व्हाट्सएप समूहों में प्रसारित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और एफएसएल टीम को सूचना दी गई है। महिला पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल, बेगूसराय में कराया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button