ससुर खदेरी नदी में डूबे 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद, पुलिस ने चलाया सघन सर्च ऑपरेशन

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। थाना मंझनपुर क्षेत्र के खुजवापुर गांव निवासी करीब 80 वर्षीय बलदेव सिंह पुत्र स्वर्गीय राम कृपाल के ससुर खदेरी नदी में डूबने के बाद पुलिस ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर उनका शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पंचायतनामा समेत अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बलदेव सिंह दो सितंबर को अपने पशुओं को चराने के लिए ससुर खदेरी नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान नदी पार करने अथवा पशुओं को हांकने के प्रयास में उनका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते वह पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मंझनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बुजुर्ग की तलाश के लिए सघन खोज अभियान शुरू किया।
कादीपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नदी और उसके आसपास के संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की। टीम में मुख्य आरक्षी राजेंद्र यादव तथा आरक्षी नीरज कुमार पटेल, रंजीत कुमार, विक्रम सिंह, मनोज यादव और विजय सिंह शामिल रहे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय संसाधनों की मदद से नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।
काफी प्रयास के बाद पुलिस टीम ने नदी में डूबे बलदेव सिंह का शव बरामद कर लिया। शव बरामद होने की सूचना पर परिजनों को अवगत कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button