बसवा रोड पर अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की मौत, पिता-पुत्री गंभीर

फतेहपुर के खखरेरू थाना क्षेत्र में बसवा रोड स्थित ईंट भट्ठे के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वंदना देवी (48) की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पति चन्द्रशेखर रैदास (52) और बेटी अनीता (16) गंभीर रूप से घायल हो गए।

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। खखरेरू थाना क्षेत्र के बसवा रोड पर ईंट भट्ठे के पास गुरुवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पति और 16 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के कोरां गांव निवासी चन्द्रशेखर रैदास (52) अपनी पत्नी वंदना देवी (48) और पुत्री अनीता (16) के साथ मोटरसाइकिल से बसवा गांव में आयोजित रिश्तेदारी के तेरही कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। परिवार के सदस्य पैशन प्रो मोटरसाइकिल संख्या यूपी 71 एक्स 7571 से बसवा रोड पर आगे बढ़ रहे थे। जैसे ही वे ईंट भट्ठे के पास पहुंचे, उसी दौरान सामने से तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में वंदना देवी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं चन्द्रशेखर रैदास और उनकी पुत्री अनीता गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों तथा राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल पिता-पुत्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अचानक हुई घटना से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर खखरेरू पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध जताया। लोगों ने पुलिस प्रशासन से फरार ट्रैक्टर चालक को तत्काल गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना में महिला की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चालक के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button