हरियाणा के अंबाला में एसएचओ की थाने में मौत, सीने में लगी गोली; शव के पास मिली सर्विस रिवॉल्वर

हरियाणा के अंबाला में नग्गल थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कर्मबीर की सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह आत्महत्या है या हादसा।

अंबाला/हरियाणा। नग्गल थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कर्मबीर (50 वर्षीय) की शनिवार को थाने में ही सर्विस रिवाल्वर की गोली लगने से मौत हो गई। उन्होंने आत्महत्या की या हादसे में गोली चली पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
गोली उनकी छाती में बाईं ओर दिल के पास लगी और सीने के आरपार हो गई। उनकी सर्विस रिवाल्वर रेस्ट रूम में उनके शव के पास ही पड़ी मिली। दोपहर का लंच लगाना पूछने के लिए रेस्ट रूम में गए लांगरी ने सबसे पहले शव बेड पर पड़े हुए देखा।
एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि सुबह के समय एसएचओ कर्मबीर ने रिवाल्वर साफ करने के बारे में मुंशी से बातचीत भी की थी। बहुत ज्यादा चांस है कि गोली रिवाल्वर साफ करते हुए चली हो लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
कुरुक्षेत्र के पिहोवा हल्के के गांव रामगढ़ रोड़ के मूल निवासी एसआइ कर्मबीर पिछले करीब डेढ़ साल से बतौर नग्गल थाना प्रभारी (एसएचओ) कार्यरत थे। सूचना मिलते ही एसपी अजीत सिंह शेखावत नग्गल थाने में पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया था। रविवार उनके स्वजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उनका बेटा और बेटी दोनों वर्तमान में कनाडा में हैं।
जानकारी के अनुसार सब इंस्पेक्टर कर्मबीर शनिवार दोपहर के समय नग्गल थाने में बने रेस्ट रूम में एसी चलाकर बेड पर आराम कर रहे थे। गोली कब चली किसी को नहीं पता चला। दोपहर करीब तीन बजे लांगरी खाना-खाने के बारे में पूछने के लिए गया तो वह बेड पर मृत अवस्था में पड़े थे। छाती में लगी गोली आर-पार हो चुकी थी। आनन-फानन में उन्हें नग्गल थाने के कर्मचारी उन्हें जिला नागरिक अस्पताल में दोपहर करीब 3 बजकर 55 मिनट पर लेकर पहुंचे। जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वे 25 नवंबर 1998 में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए थे और उनकी ज्यादातर सेवाएं अंबाला की ही रही। उन्होंने पंचकूला व यमुननगर में भी सेवाएं दीं। उनके पिता का देहांत हो चुका है, जबकि मां अभी जीवित हैं। बेटा और बेटी कनाडा में हैं। घटना के बाद डीएसपी विजय कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचकर भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा ने भी शोकाकुल परिवार का ढांढस बढ़ाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button