भाईचारे की अद्भुत मिसाल! जम्मू में मुस्लिम पत्रकार के घर चला बुलडोजर तो हिंदू पड़ोसी ने घर बनाने के लिए गिफ्ट की जमीन

जम्मू/एजेंसी। जम्मू विकास प्राधिकरण ने कुछ दिन पहले अतिक्रमण विरोधी अभियान में एक मुस्लिम पत्रकार का मकान गिरा दिया था। शुक्रवार को एक हिंदू पड़ोसी ने पत्रकार के परिवार को अपना घर फिर से बनाने के लिए अपनी जमीन गिफ्ट कर दी। कुलदीप कुमार ने जम्मू के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में प्रभावित परिवार को एक प्लॉट देने की पेशकेश की। उन्होंने कहा कि मकान को बनाने में वो भी उनकी मदद करें। इस पेशकेश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी कई लोगों ने तारीफ की है।
वहीं प्रशासन की तोड़फोड़ की कार्रवाई ने जम्मू में राजनीतिक विवाद पैदा कर दिया है। कई दलों के नेताओं ने दौरा कर प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई। जम्मू कश्मीर के पूर्व बीजेपी प्रमुख रविंदर रैना, जिन्होंने क्षेत्र का दौरा किया और और प्रभावित परिवार से मुलाकात की। पत्रकार ने कहा कि ढहाया गया मकान उनके पिता का था और वे वहां 40 साल से रह रहे थे। उन्होंने कहा इस मकान को तोड़ने से पहले उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। उन्होंने प्रशासन की इस कार्रवाई को तानाशाही बताया है।
यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है, जहां लोग दोनों समुदायों के बीच दिखी इस एकजुटता की सराहना कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, प्रशासन की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। विपक्षी नेताओं ने इसे मनमानी करार देते हुए कहा कि बिना नोटिस मकान गिराया जाना कानून के खिलाफ है। पत्रकार के अनुसार, उनका परिवार चार दशकों से उसी घर में रह रहा था, ऐसे में अचानक की गई कार्रवाई ने उन्हें बेघर कर दिया है।




