‘इंशाअल्लाह! दिल्ली को दुल्हन बनाकर मुंबई पर पाकिस्तानी झंडा लहराएंगे’,लश्कर-ए-तैयबा आतंकी की भारत को धमकी

लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी इमरान लियाकत भट्टी ने मुंबई में पाकिस्तान का झंडा फहराने की धमकी दी है। उसने कहा कि जिस तरह हमने भारत के टुकड़े करके पाकिस्तान बनाया, उसी तरह कश्मीर को भी वापस लिया जाएगा। गुजरात और हैदराबाद को वापस लिया जाएगा। नॉर्थ-ईस्ट में सेवन सिस्टर्स को भी आजाद कराया जाएगा।

इस्लामाबाद/एजेंसी। पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी इमरान लियाकत भट्टी ने भारत के खिलाफ धमकी भरा और भड़काऊ बयान दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, उसने 14 अगस्त को लश्कर के कसूर कैंप में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत के खिलाफ हिंसक मंसूबों का जिक्र किया और कश्मीर समेत भारत के विभिन्न हिस्सों को लेकर आपत्तिजनक दावे किए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कार्यक्रम में भाषण देते हुए भट्टी ने कश्मीर को भारत से अलग करने की धमकी दी। उसने गुजरात, हैदराबाद और दक्कन समेत कई भारतीय क्षेत्रों पर भी दावा जताया। इसके अलावा उसने भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को ‘सेवन सिस्टर्स’ के रूप में संबोधित करते हुए उन्हें भी अलग कराने की बात कही।
भट्टी ने अपने भाषण में भारत के खिलाफ युद्ध और हिंसा को बढ़ावा देने वाली भाषा का इस्तेमाल किया। उसने पाकिस्तान के पुराने सैन्य और आतंकी अभियानों का उल्लेख करते हुए उन्हें अपनी विचारधारा के समर्थन में पेश किया। उसने अफगानिस्तान और नाटो का जिक्र करते हुए भी पाकिस्तान को ताकतवर दिखाने का प्रयास किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकी ने अपने भाषण में भारत के खिलाफ कथित षड्यंत्रों का आरोप लगाते हुए कहा कि पाकिस्तान अपने दुश्मनों का मुकाबला करने में सक्षम है। इसके बाद उसने कश्मीर और भारत के अन्य हिस्सों को लेकर धमकियां दीं।
इमरान लियाकत भट्टी के इस बयान को भारत के खिलाफ आतंकी संगठनों की जारी भड़काऊ बयानबाजी के तौर पर देखा जा रहा है। लश्कर-ए-तैयबा भारत में कई आतंकी हमलों के लिए जिम्मेदार रहा है और इसे भारत समेत कई देशों ने आतंकी संगठन के रूप में प्रतिबंधित किया है। भट्टी के बयान से एक बार फिर पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों की भारत विरोधी गतिविधियों और प्रचार को लेकर सवाल उठे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button