हिमाचल के मंडी में नशा तस्करी का भंडाफोड़, बस से 5.5 किलो चरस और अफीम बरामद, तीन युवक गिरफ्तार

मंडी पुलिस ने कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर एक निजी बस से हरियाणा के तीन युवकों को भारी मात्रा में चरस और अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिल्हाकिप्पड़ के पास नाकाबंदी के दौरान की गई।

मंडी/हिमाचल प्रदेश। मंडी जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी बस से भारी मात्रा में चरस और अफीम बरामद की है। सदर थाना पुलिस की टीम ने कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर शिल्हाकिप्पड़ के पास नाकाबंदी के दौरान यह सफलता हासिल की। इस मामले में हरियाणा के सोनीपत जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने वाहनों की जांच के लिए नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान केलंग-मनाली-धर्मशाला रूट पर चल रही एक निजी बस (एचपी 53डी 9077) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान बस में सवार तीन युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उनकी गहन जांच की गई।
जांच में आरोपितों के कब्जे से 5.535 किलोग्राम चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार युवकों की पहचान अनिल कुमार उर्फ काला, कृष्ण कुमार और अमित के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button