सरकारी मंच पर हिस्ट्रीशीटर के साथ भाजपा सांसद और शिक्षा मंत्री की मौजूदगी से विवाद
अलीगढ़ सांसद, शिक्षा मंत्री और विधायक के साथ हिस्ट्रीशीटर की तस्वीर वायरल होने के बाद जिले में सियासत तेज हो गई है। वहीं, भाजपा सांसद सतीश गौतम ने एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ जिले में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद और प्रदेश सरकार के मंत्री के साथ एक हिस्ट्रीशीटर की मौजूदगी का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। शेखा झील में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान मंच पर 29 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर मुजाहिद हसन खान उर्फ गुड्डू नजर आने से फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था और जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार 12 जुलाई 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, भाजपा सांसद सतीश गौतम और विधायक रवींद्र प्रताप सिंह मौजूद थे। इसी दौरान मंच पर मुजाहिद उर्फ गुड्डू की मौजूदगी तस्वीरों में कैद हो गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया और कुछ लोगों ने वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर साझा कर दिए।
बताया जा रहा है कि मुजाहिद उर्फ गुड्डू के खिलाफ हत्या, रंगदारी समेत करीब 29 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह फिलहाल जमानत पर बाहर है। जनप्रतिनिधियों के साथ उसकी तस्वीरें सामने आने के बाद विपक्ष ने भी इस मुद्दे को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
इस पूरे मामले पर सांसद सतीश गौतम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जैसे ही उक्त व्यक्ति ने माला पहनने का प्रयास किया, उसे तुरंत हटा दिया गया। बाद में जानकारी मिली कि उसके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि वह कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शामिल हुए थे और यह छर्रा विधानसभा क्षेत्र का आयोजन था। संबंधित व्यक्ति मंच तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच कराई जा रही है। सांसद ने स्पष्ट किया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।




