अन्नामलाई ने नितिन नवीन को 5 पन्नों का इस्तीफा सौंपा, नई पार्टी का जल्द करेंगे एलान
के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना त्यागपत्र सौंपा।

नई दिल्ली/एजेंसी। के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी का साथ छोड़ दिया है। अन्नामलाई ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। सूत्रों के हवाले से दावा किया कि तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने आज मंगलवार को नई दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष से मुलाकात की और उन्हें पांच पन्नों का इस्तीफा सौंपा।
खबरों के मुताबिक, पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई नई क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी शुरू करने की योजना बना रहे हैं, जिसे उनके सहयोगी ‘धर्मनिरपेक्ष’ और ‘तमिल-प्रथम’ सोच वाली पार्टी बता रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्तावित संगठन को छह से आठ महीनों के भीतर लॉन्च किया जा सकता है और यह तमिलनाडु में बीजेपी और यह पार्टी द्रविड़ पार्टियों, दोनों के विकल्प के तौर पर खुद को स्थापित करने की कोशिश करेगी।
अन्नामलाई के करीबी लोगों ने बताया कि वह एक ऐसा राजनीतिक मंच बनाना चाहते हैं जो तमिल पहचान को राष्ट्रीय सोच के साथ जोड़े और साथ ही विरोधी पार्टियों का विरोध करते समय मुद्दों पर आधारित रहे।
तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी और अन्नामलाई के बीच राजनीतिक रणनीति को लेकर कई महीनों से मतभेद चल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, अन्नामलाई AIADMK के साथ गठबंधन फिर से शुरू करने के बीजेपी के फैसले से और हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों से पहले उम्मीदवारों के चयन के कुछ पहलुओं से नाखुश थे, इसलिए चुनाव के बाद अन्नामलाई ने भाजपा का साथ छोड़ दिया।




