पानी को लेकर सड़क पर महिलाएं, तपती दोपहर में की मांग- प्यास बुझाए प्रशासन

आगरा के छीपीटोला क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूटा है। इलाके की दर्जनों महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर सड़क पर विरोध-प्रदर्शन किया।

आगरा/उत्तर प्रदेश। 44 डिग्री तापमान में भीषण गर्मी और तपती दोपहर के बीच पानी की समस्या को लेकर आगरा की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। शहर के छीपीटोला क्षेत्र में बुधवार को दर्जनों महिलाएं खाली बर्तन लेकर सड़क पर बैठ गईं और जाम लगाकर नगर निगम तथा जलकल विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि क्षेत्र के कई मोहल्ले पिछले करीब चार वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। गर्मी में पानी की किल्लत से कई जानें चली गईं हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने अब तक स्थायी समाधान नहीं किया है।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। मोहल्ले के दर्जनों घरों में सुबह से शाम तक पानी नहीं पहुंचता, जिससे घरेलू कामकाज के साथ बच्चों और बुजुर्गों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। भीषण गर्मी में पानी खरीद कर रोजमर्रा के काम किए जाते हैं। क्षेत्र में सरकारी हैंडपंप भी खराब पड़े हुए हैं। इलाके में न तो सरकारी सबमर्सिबल है और न ही कोई पानी के सरकारी टैंकर आते हैं। पिछले 4 वर्षों से इस समस्या से दर्जनों परिवार जूझ रहे हैं।
महिलाओं का कहना था कि हम लोग चार साल से पानी की समस्या झेल रहे हैं। कई बार शिकायत की, लेकिन अधिकारी सिर्फ आश्वासन देकर चले जाते हैं। क्षेत्रीय पार्षद भी उनकी सुनवाई नहीं करते हैं। बिन पानी के बीमार बच्चे भीषण गर्मी झेल नहीं पाते हैं।
हमें पीने के पानी के लिए दूर-दूर जाना पड़ता है। टैंकर भी समय से नहीं आते। इतनी गर्मी में छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। पानी की इतनी कमी है कि गर्मी से बचने के लिए कूलर में पानी तक नहीं डाल पाते हैं। प्रदर्शकारी महिलाओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा। क्षेत्रीय निवासियों ने आरोप लगाया कि जलापूर्ति लाइन और पाइपलाइन की स्थिति खराब है, लेकिन मरम्मत और सुधार के नाम पर सिर्फ कागजी कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने कई बार नगर निगम और जलकल विभाग से संपर्क किया, मगर स्थायी समाधान नहीं निकला।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर जीएम जलकल संघ भूषण पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों और महिलाओं को समझाया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अधिक ऊंचाई होने के कारण पानी की सप्लाई घरों तक नहीं पहुंच पा रही है। इसके लिए विभाग वाल्व लगाकर समाधान करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button