‘पूरा थाना सस्‍पेंड करा दूंगी’, हिंडन नदी में मांस फेंकते देख भड़कीं मेयर सुनीता दयाल, इमाम पर एक्शन

गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल ने दो लड़कों को नदी में प्रतिबंधित पशु का मांस फेंकते हुए पकड़ा। उन्‍होंने मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी।

गाजियाबाद। यूपी के गाजियाबाद में मेयर सुनीता दयाल ने कनावनी पुलिया के पास हिंडन नदी में मांस फेंकते हुए दो किशोरों को पकड़ा। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। पुलिस और मेयर की पूछताछ में किशोरों ने बताया कि एक मदरसा संचालक उन्हें मांस फेंकने के लिए यहां भेजता था। पहले किशोर ने बकरे और भैंसे का मांस बताया, लेकिन बाद में उन्होंने प्रतिबंधित पशु का मांस होना स्वीकार किया। दोनों नाबालिग को छोड़ दिया गया। इस मामले में पुलिस ने मदरसा संचालक को हिरासत में लिया है। वहीं, मेयर ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो पूरा थाना सस्पेंड करा दूंगी।
मेयर सुनीता दयाल ने बताया कि वह कनावनी पुलिया से होते हुए गुजर रही थीं। तभी साइड में कूड़ा पड़ा देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवा ली। नीचे उतरकर देखा तो दो किशोर खड़े थे। उन्हें लगा कि उनके पास बोरी में कूड़ा है। जब बातचीत की तो पता कि उसमें मांस था। उन्होंने मौके पर पुलिस को बुला लिया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि कनावनी में एक मदरसा है। वहां से किशोर अक्सर मांस लाकर हिंडन में फेंकते हैं। किशारों ने प्रतिबंधित पशु का मांस होना स्वीकार किया। इसी बीच मदरसा संचालक भी मौके पर पहुंच गया था। उसको हिरासत में लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। मेयर सुनीता दयाल ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों से उनका नाम और पता पूछा और कहा कि अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो पूरा थाना सस्पेंड करा दूंगी। इस मामले में मदरसा संचालक पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
मेयर ने कहा कि ऐसे संस्थानों पर पर ताले लगने चाहिए। यहां पर बच्चों को पढ़ाया नहीं जाता है, बल्कि उनसे गैर कानूनी काम कराया जाता है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि एक बोरी में पशु मांस होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने उसे कब्जे में लिया है। इसका परीक्षण कराया जाएगा। पूछताछ के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button