भीषण गर्मी से बचाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई पहल, जवानों को मिले आधुनिक ‘एसी हेलमेट’

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भीषण गर्मी से जूझ रहे अपने कर्मियों के लिए एक विशेष पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसके तहत उन्हें एसी हेलमेट, पोर्टेबल पंखे और हाइड्रेशन सपोर्ट जैसी कूलिंग डिवाइस दी जा रही हैं ताकि उन्हें हीट स्ट्रोक से बचाया जा सके।

नई दिल्ली। राजधानी में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। सबसे ज्यादा परेशानी सड़कों और चौराहों पर घंटों ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को हो रही है।
इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पुलिसकर्मियों को गर्मी से राहत देने के लिए एक विशेष पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस प्रोजेक्ट के तहत ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को पहनने योग्य आधुनिक कूलिंग डिवाइस दिए गए हैं। इनमें सोलर-असिस्टेड एसी हेलमेट, बैटरी से चलने वाले पोर्टेबल पंखे, कालर फैन और इमरजेंसी हाइड्रेशन सपोर्ट शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य धूप में लंबे समय तक ड्यूटी करने वाले जवानों को हीट स्ट्रोक और शरीर में पानी की कमी जैसी समस्याओं से बचाना है।
इस योजना की सबसे खास चीज नया ‘कूलिंग एसी हेलमेट’ है। इसमें बैटरी से चलने वाला तापमान नियंत्रित करने वाला सिस्टम लगाया गया है। यह रिचार्जेबल है और एक बार चार्ज करने पर चार से पांच घंटे तक चल सकता है। पुलिस की लाजिस्टिक्स यूनिट के अनुसार, यह हेलमेट सिर के आसपास का तापमान बाहरी वातावरण की तुलना में 8 से 12 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकता है।
अधिकारियों का कहना है कि शरीर का सिर वाला हिस्सा गर्मी के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील होता है। ऐसे में भारी वर्दी और सुरक्षा उपकरण पहनकर धूप में खड़े रहने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए यह हेलमेट काफी उपयोगी साबित हो सकता है। फिलहाल ट्रायल के तौर पर 10 से 12 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को ये हेलमेट दिए गए हैं। यदि इसका परिणाम सकारात्मक रहा तो भविष्य में दो हजार से अधिक ऐसे हेलमेट और मंगवाए जाएंगे।
इसके अलावा, ट्रैफिक बूथों और चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों को बैटरी से चलने वाले हैंड फैन और पोर्टेबल वेंटिलेटर भी दिए गए हैं, ताकि गर्मी से कुछ राहत मिल सके। वहीं मेडिकल और हाइड्रेशन सपोर्ट को भी मजबूत किया गया है। तय ट्रैफिक प्वाइंट्स पर ठंडा पीने का पानी और ओआरएस की व्यवस्था की गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई चौराहों पर अस्थायी टिन शेड भी लगाए हैं, जिससे पुलिसकर्मियों को धूप से बचाव के साथ-साथ धूल भरी आंधी और खराब मौसम के दौरान भी सुरक्षा मिल सके।
यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यातायात पुलिसकर्मी दिनभर सड़कों पर खड़े रहते हैं। ऐसे में विभाग ने पूरे शहर में सौ नए बूथ बनाए जाने की योजना बनाई है, ताकि पुलिसकर्मी कुछ समय के लिए बूथ में आराम कर सकें। इन बूथ को विशेष तौर पर डिजाइन किया जाएगा, जिसमें दो बेंच पंखा या कूलर की सुविधा होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button