विद्युतकर्मियों को बंधक बनाकर पीटने वाले आरोपित गिरफ्तार

गाजियाबाद ब्यूरो। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव पलौता में बकाया वसूलने पहुंचे विद्युतकर्मियों को बंधक बनाकर पीटने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित घटना के बाद ही गांव से भाग गए थे। उन्होंने जेई व दो लाइनमैन को पीटा था। जेई की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। भोजपुर के कार्यवाहक थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित गांव पलाैता के सोनू व मिंटू हैं। बता दें कि 20 अगस्त को जेई बबलू कुमार दो लाइनमैन प्रेमपाल व दीक्षांत के साथ गांव पलौता में पहुंचे थे।

यहां उपभोक्ता वीरवती के मकान पर पहुंचकर उनका कनेक्शन काट दिया। कनेक्शन कटने से वीरवती के पुत्र भड़क गए और तीनों विद्युतकर्मियों को अपने घर में बंधक बना लिया। उनके साथ लात-घूसों से मारपीट की गई। गाली-गलौज करते हुए आरोपितों ने सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए। धमकी दी कि यदि फिर से यहां दिखे तो जान से मार देंगे। आरोपितों ने दबंगई के बल पर विद्युतकर्मियों से अपना कनेक्शन भी दोबारा जुड़वा लिया। किसी तरह आरोपितों की मान-मनौव्वल कर विद्युतकर्मी वहां से निकले। इसके बाद जेई ने भोजपुर थाने में आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज के बाद से ही पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही थी। आरोपितों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button