पीएम मोदी से मुलाकात का हवाला देकर दिल्ली भागे दिलवार को पुलिस ने दबोचा, 18 से ज्यादा केस दर्ज

युवा राजपूत सभा जम्मू के प्रधान दिलावर सिंह को दोमाना पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें नागबनी स्कूल में हंगामा करने और स्टाफ को धमकाने के आरोप में ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू लाया गया है, जहां उनके खिलाफ 18 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जम्मू/एजेंसी। युवा राजपूत सभा जम्मू के प्रधान दिलावर सिंह को दोमाना पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू लाया गया है। नागबनी स्कूल की प्रिंसिपल ने कुछ दिन पहले दोमाना पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया था।
स्कूल प्रिंसिपल ने आरोप लगाया था कि दिलावर सिंह 50 से 60 लोगों के साथ नागबनी स्थित स्कूल परिसर में जबरन घुस आया था। इस दौरान स्कूल में हंगामा किया गया और स्टाफ को धमकियां दी गईं, जिससे परिसर में भय का माहौल बन गया था। शिकायत के आधार पर दोमाना पुलिस ने दिलावर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसपी रूरल रविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने दिल्ली से आरोपित को गिरफ्तार किया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर जम्मू लाया जा रहा है, जहां मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार दिलावर सिंह के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में 18 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, हालांकि दोमाना पुलिस थाने में उसके विरुद्ध फिलहाल एक ही मामला दर्ज है।
बता दें कि दोमाना थाने में मामला दर्ज होने के बाद दिलावर सिंह ने दोमाना पुलिस, विशेषकर एसएचओ दोमाना पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने के आरोप लगाए थे। हालांकि वह अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सुबूत पेश नहीं कर पाया था। इसके बाद से ही उसकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही थी।
सूत्रों के अनुसार दिलावर सिंह प्रधानमंत्री से मुलाकात का हवाला देकर जम्मू से दिल्ली चला गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए जम्मू पुलिस की एक टीम सोमवार को दिल्ली रवाना हुई थी। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button