गाजियाबाद में साइबर ठगों के मददगार गैंग का खुलासा, सरगना समेत 6 गिरफ्तार

गाजियाबाद। यूपी एसटीएफ ने गाजियाबाद की एक सोसाइटी में छापा मारकर साइबर ठगों के मददगार गैंग का भंडाफोड़ किया है। यह गैंग साइबर फ्रॉड के लिए कमीशन पर म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराता था। इसके अलावा यह गैंग लोगों को बड़े करेंसी नोटों के बदले ज्यादा अमाउंट में छोटे नोट देने का लालच देकर रद्दी थमाकर ठगने का भी काम करता था। एसटीएफ ने इस गैंग के सरगना शुभम राज सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने गुरुवार रात गाजियाबाद के विजयनगर की गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में छापा मारकर साइबर फ्रॉड के लिए कमीशन पर म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले एक बड़े गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के सरगना शुभम राज सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें में 5 आरोपी बिहार के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी यूपी के बुलंदशहर का निवासी है।
एसटीएफ को इनके पास से सौ से अधिक अकाउंट्स की डिटेल मिली हैं, जिन पर बहुत सारी साइबर फ्रॉड की शिकायत हो चुकी हैं। इन म्यूल अकाउंट्स को उपलब्ध करने में बिहार के बंधन बैंक और एचडीएफसी बैंक के कुछ कर्मचारियों की भी मिलीभगत की बात भी सामने आई है। एसटीएफ के मुताबिक, इसके अलावा पकड़े गए यह सभी आरोपी लोगों को बड़े करेंसी नोटों के बदले ज्यादा अमाउंट में छोटे नोट देने का लालच देकर उन्हें रद्दी देकर ठगने का एक बड़ा गैंग चला रहे थे, जिसके शिकार पूरे भारत के लोग हो रहे थे। इनके पास से 25.6 लाख रुपये कैश, नोट गिनने की मशीन, फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं।
गैंग में शामिल लोगों के नाम-पते
1. शुभम राज उर्फ बाबा पुत्र हरेंद्र कुमार निवासी वार्ड नं.-10, राहर दियारा, थाना व पोस्ट सोनपुर, जिला छपरा बिहार,
2. प्रदीप कुमार पुत्र रामेश्वर प्रसाद निवासी गैलेक्सी अपार्टमेंट, फ्लैट-503, खेमनी चरन, कंकडबाग, पटना बिहार मूल पता ग्राम सेरिया थाना बसंतपुर जिला सिवान बिहार
3. धीरज मिश्रा पुत्र हरेंद्र मिश्रा निवासी गणेश अपार्टमेंट, लेखा नगर पोस्ट दानापुर कैंट, पटना बिहार मूल पता हनुमान नगर अनाईठ आरा, जिला भोजपुर बिहार
4. सोनू कुमार पुत्र बच्चा शर्मा निवासी ग्राम चक अपसैड, पोस्ट परमानंदपुर, थाना सोनपुर जिला सारण बिहार,
5. अमरजीत कुमार पुत्र मंटू पंडित निवासी पहाडी चक, थाना सोनपुर जिला सारण बिहार
6. अनुराग पुत्र धर्मेंद्र सिंह निवासी रानोरहम अलीपुर, पोस्ट व थाना शिकारपुर जिला बुलंदशहर




