सविता पूनिया की वापसी से भारत को मिली मजबूती, अर्जेंटीना के खिलाफ खेलेंगी मुकाबला

स्टार गोलकीपर सविता पूनिया 10 महीने बाद भारतीय महिला हॉकी टीम में अर्जेंटीना के खिलाफ चार मैचों की सीरीज के लिए वापसी कर रही हैं। कप्तान सलीमा टेटे अस्वस्थता के कारण अनुपस्थित रहेंगी, उनकी जगह नवनीत कौर कप्तानी संभालेंगी।

ब्यूनस आयर्स। स्टार गोलकीपर और पूर्व कप्तान सविता पूनिया अर्जेंटीना के विरुद्ध सोमवार से शुरू होने वाली चार मैचों की सीरीज से 10 महीने बाद राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम में वापसी करेंगी, लेकिन कप्तान सलीमा टेटे अस्वस्थ होने के कारण नहीं खेल पाएंगी।
सविता निजी कारणों से खेल से विश्राम लेने के कारण जून 2025 के बाद से किसी प्रतियोगिता में नहीं खेली है, जबकि मिडफील्डर सलीमा अभी चिकन पॉक्स से उबर रही हैं। यह दौरा भारत के लिए एफआइएच नेशंस कप, बेल्जियम और नीदरलैंड्स में इस साल होने वाले एफआइएच हाकी विश्व कप और एशियाई खेलों को देखते हुए बेहद महत्वपूर्ण है।
अर्जेंटीना के लिए रवाना हुई भारतीय महिला टीम
भारतीय महिला टीम गुरुवार शाम को अर्जेंटीना के लिए रवाना हुई। इससे पहले उसने बेंगलुरु में अभ्यास शिविर में भाग लिया था। हैदराबाद में विश्व कप क्वालीफायर 2026 में उपविजेता रहने वाली भारतीय टीम अपनी लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी। सलीमा की अनुपस्थिति में अनुभवी फारवर्ड नवनीत कौर इस दौरे में टीम की कप्तानी संभालेंगी।
नवनीत ने हाल ही में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए हाकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार हासिल किया था। अनुभवी भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया की वापसी से टीम को काफी मजबूती मिलेगी। बिचु देवी खारिबाम उनके साथ गोलकीपिंग की जिम्मेदारी निभाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button