थाना कौशाम्बी पुलिस ने लोगो के साथ ठगी करने वाले चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

 

प्रेम प्रकाश त्रिपाठी,(गाजियाबाद)। कागजों की गड्डी पर नोट लगाने के बाद महंगे दाम पर ज्वेलरी खरीदने का झांसा देकर ठगी करने वाले चार आरोपितों को कौशांबी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से आठ कागज की गड्डी बरामद हुईं हैं। गड्डी पर दोनों और 100-100 रुपये के नोट लगे हुए थे। आरोपित पांच साल से सक्रिय हैं। अब तक 200 से अधिक लोगों के साथ ठगी व लूट की घटना को अंजाम दे चुके हैं। कौशांबी थाना प्रभारी प्रभात दीक्षित ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार रात 11 बजे पहले कौशांबी सीमा से हापुड़ के संजीव और बीबी नगर बुलंदशहर के अरविंद को गिरफ्तार किया। पूछताछ करने पर आरोपितों ने बताया कि वह अधिकतर रेलवे स्टेशन व बस अड्डे ठगी करते हैं। लोगों को नोटों की गड्डी दिखाकर कहते हैं कि वह मालिक के यहां से चोरी करके लाए हैं। वह अधिक दाम पर गहने खरीद लेंगे। कुछ लोग इनके झांसे में आकर गहने बेच देते थे। बाद में ग्राहक नोटों की गड्डी खोलता था तो उसमें बीच में रखे कागज निकलते थे। गड्डी के दोनों ओर नोट लगे होते थे। ऊपर से देखने में नोटों की गड्डी लगती थी।

इसी तरह से बुधवार सुबह पुलिस ने कौशांबी बस अड्डे के पास से दो युवकों को पकड़ लिया। इनकी पहचान बबाना दिल्ली के विक्रम और मनोज के रूप में हुई है। विक्रम के खिलाफ दिल्ली और गाजियाबाद में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनके पास भी चार कागज की गड्डी मिली हैं। ये आरोपित इसी तरह ठगी करते थे। कौशांबी थाना एसएचओ प्रभात दीक्षित ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति झांसे में नहीं आता था और वह सुनसान स्थान पर होता था तो उसे नशीला पदार्थ पिलाकर लूट लेते थे। इनके पास नशे की 1200 से गोलियां बरामद हुई हैं। आरोपित चार माह में ठगी करने के लिए जगह बदल देते थे। कौशांबी में तीन माह से सक्रिय थे और यहां पर 23 लोगों को ठग चुके थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button