काम ऐसा कि ‘विपक्ष’ भी हो गया कायल: नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने की स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के समर्पण की मुक्तकंठ प्रशंसा
सियासत से ऊपर सेवा : नेता प्रतिपक्ष बोले— "जितनी मेहनत करनी चाहिए, श्यामबिहारी उससे कहीं ज्यादा कर रहे हैं, मेरी शुभकामनाएं उनके साथ

शोभित शर्मा,मनेन्द्रगढ़/छत्तीसगढ़। मनेन्द्रगढ़ में प्रदेश की राजनीति का एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के कार्यों की खुलकर सराहना की। अक्सर सत्ता और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता है, लेकिन इस बार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मंत्री जायसवाल की मेहनत और समर्पण ने विपक्ष को भी कायल कर दिया।
स्व. बिसाहू दास महंत पार्क में मीडिया से चर्चा के दौरान डॉ. महंत ने कहा कि श्यामबिहारी जायसवाल हमारे क्षेत्र के नेता हैं और वे विभाग के लिए जितनी मेहनत करनी चाहिए, उससे कहीं ज्यादा जी-जान से जुटे हुए हैं। उन्होंने साफ कहा कि यदि कोई उनसे जलकर उनकी बुराई करता है, तो यह उनकी सोच है, लेकिन वे खुद उनके काम की सराहना ही करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री के कार्यों की तारीफ करते हुए डॉ. महंत ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
श्यामबिहारी जायसवाल ने पदभार ग्रहण करने के बाद से ही अस्पतालों का औचक निरीक्षण, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्तियां और दूरस्थ अंचलों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने जैसे कदम उठाए हैं। उनकी कार्यशैली ने यह साबित कर दिया है कि जब काम बोलता है, तो विरोधी भी मौन होकर सम्मान देने को मजबूर हो जाते हैं।
नेता प्रतिपक्ष की प्रशंसा पर मंत्री जायसवाल ने कहा कि डॉ. महंत के शब्द उनके लिए प्रोत्साहन हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य कतार के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है और वे एक सेवक के रूप में अपना कर्तव्य निभा रहे हैं।
यह घटनाक्रम छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक सकारात्मक संकेत है, जहां जनहित के कार्यों पर पक्ष और विपक्ष एकमत दिख रहे हैं। मंत्री जायसवाल की कार्यशीलता ने यह संदेश दिया है कि सच्ची निष्ठा और मेहनत से राजनीति में भी सेवा का भाव सर्वोपरि हो सकता है।




