भगोने में खड़े होकर पैरों से धोए आलू, गाजियाबाद के मशहूर टिक्की वाले का वीडियो वायरल !

गाजियाबाद। गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक बार फिर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक जाने-माने चांट भंडार का वीडियो सामने आने से हड़कंप मच गया है। करीब 41 सेकेंड के इस वीडियो में नजर आ रहा है कि दुकान का कर्मचारी चप्पल पहनकर और भगोने में खड़े होकर पैरों से आलू धो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद चाट भंडार के मालिक और कर्मचारी को लेकर स्थानीय लोगों में गुस्सा है।
वीडियो गाजियाबाद के अंकुर विहार-3 में एटीएम चौक स्थित कृष्णा चाट भंडार का बताया जा रहा है। वीडियो रात में बनाया गया है, जिसमें एक युवक बड़े भगोने में भरे आलुओं को पैरों से मसलकर धोता हुआ दिख रहा है। वीडियो को एक लड़की ने छिपकर दूर से बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। लड़की बता रही है कि उनकी मां भी इस चाट भंडार की बहुत टिक्की खाती हैं, अब उन्हें भी सच्चाई का पता चल जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आलू साफ करने का यह तरीका रोज का है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में काफी नाराजगी है और दुकान मालिक सहित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह चाट भंडार आसपास के क्षेत्र में काफी मशहूर है। यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग टिक्की खाने पहुंचते हैं। इससे पहले साल 2024 में लोनी के जूस सेंटर का वीडियो सामने आया था, जहां जूस में पेशाब मिलाया जा रहा था।
चाट भंडार के खिलाफ अंकुर विहार थाने में शिकायत
मामले को लेकर सचिन चौधरी नाम के व्यक्ति ने अंकुर विहार थाने में शिकायत दी है। उन्होंने दुकान के मालिक और कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई होगी। वहीं, स्थानीय लोग खाद्य सुरक्षा विभाग से भी सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button