हिमाचल के हमीरपुर में सड़क पर एक साथ दिखे 3 अजगर, लोगों ने तीनों को पकड़ा और गले में डाल खिंचवाई फोटो

हमीरपुर,(हिमाचल प्रदेश)। हमीरपुर जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क पर एक साथ तीन विशालकाय अजगर दिखाई दिए। जिले के गंदड़ गांव में लोगों ने जब इन विशालकाय अजगरों को देखा तो उनके होश उड़ गए। रविवार शाम को यहां सड़क पर ये तीनों अजगर एक साथ दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्नेक मैन के नाम से मशहूर आलमपुर निवासी माथुर धीमान को दी। माथुर धीमान भी बिना वक्त गंवाए डिप्टी रेंजर मनजीत सिंह राणा के साथ मौके पर पुहुंचे। तीनों अजगर लोगों को देखकर एक बिल में घुस गए।

स्नेक मैन धीमान ने अपने सहयोगियों की मदद से तीनों अजगरों को बिल से बाहर निकाला और दूर जंगल में छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि तीनों अजगर बेहद शक्तिशाली थे, जिनमें से एक 7 फुट, दूसरा 9 फुट, जबकि तीसरा सबसे लंबा 13 फुट का था। उन्होंने बताया कि ये बिना जहर वाले रॉक पाइथन प्रजाति के सांप हैं। जो मुख्यता जंगली जानवरों, लोमड़ी, बंदर, कुत्ते का शिकार करते हैं। यह अपने शिकार को जिंदा ही निगल जाते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि वो पिछले काफी दिनों से डरे हुए थे। 20 दिन पहले भी ये तीनों अजगर यहां पर दिखाई दिए थे। डर के मारे ग्रामीणों ने इस रास्ते से आना जाना ही छोड़ दिया था। ग्रामीणों की मानें तो ये अजगर इतने बड़े हैं कि अगर किसी को जकड़ ने तो वो इनसे बच न पाए। तीनों अजगरों के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। अजगर को पकड़ने के बाद उसके साथ ग्रामीणों ने फोटो भी खिंचवाई। बच्चों ने अपने गलों में अजगर को डालकर फोटो ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button